धमतरी, 05 नवंबर 2026। दीपावली पर्व के मद्देनजर धमतरी पुलिस ने अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नगरी और मगरलोड क्षेत्र से करीब 1 लाख 46 हजार 500 रुपये के अवैध पटाखे जब्त किए हैं। वहीं, बिरेझर चौकी क्षेत्र में अवैध रूप से देसी शराब बेचते एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम और आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
SP भावना पांडेय के निर्देशन में त्योहारी सीजन के दौरान अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री तथा अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना नगरी, थाना मगरलोड और चौकी बिरेझर की पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की।
नगरी में 1.30 लाख रुपये के पटाखे जब्त
पहली कार्रवाई थाना नगरी क्षेत्र के ग्राम फरसिया में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक घर में संचालित दुकान में बिना वैध लाइसेंस के पटाखों का भंडारण और बिक्री की जा रही है। सूचना पर निरीक्षक उमेश पाटिल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी। मौके से उदित नारायण सिन्हा (निवासी फरसिया) के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के करीब 1 लाख 30 हजार रुपये मूल्य के पटाखे जब्त किए गए। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 82/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम 1884 की धारा 9(ख) में मामला दर्ज किया गया है।
मगरलोड में दुकान से मिले 16,500 रुपये के पटाखे
दूसरी कार्रवाई मगरलोड थाना क्षेत्र में भरदा मार्ग स्थित बेकरी भंडार एवं किराना स्टोर्स में की गई। पुलिस ने दुकान में दबिश देकर भानूप्रताप साहू (36 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 03 मगरलोड के कब्जे से एक कार्टून में रखे 16 हजार 500 रुपये मूल्य के विभिन्न कंपनियों के पटाखे बरामद किए। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम की धारा 9(ख) में कार्रवाई की गई है।
बिरेझर में शराब बेचते युवक गिरफ्तार
तीसरी कार्रवाई चौकी बिरेझर क्षेत्र के ग्राम कंचना नाला पुल के पास की गई। यहां पुलिस ने घेराबंदी कर प्रेम कुमार चतुर्वेदी (20 वर्ष), निवासी कंचना को अवैध रूप से देसी शराब बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा। उसके कब्जे से 11 पौवा देसी शराब, जिसकी कीमत 1,100 रुपये है, और बिक्री की 150 रुपये की नकदी जब्त की गई। कुल 1,250 रुपये की संपत्ति जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 375/2026 के तहत आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(ख) में मामला दर्ज किया गया है।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से की अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि बिना वैध लाइसेंस के पटाखों एवं अन्य विस्फोटक सामग्री का भंडारण या क्रय-विक्रय न करें। अवैध शराब और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी तत्काल नजदीकी थाने या पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







