Home / Chhattisgarh / कोरबा में 11 से 15 नवंबर तक होंगे मंडल स्तरीय जनचौपाल संवाद कार्यक्रम

कोरबा में 11 से 15 नवंबर तक होंगे मंडल स्तरीय जनचौपाल संवाद कार्यक्रम

ख़बर शेयर करें:

0.‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस ने तैयार की व्यापक कार्ययोजना, वरिष्ठ नेता भी होंगे शामिल

कोरबा, 05 नवम्बर 2026। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के निर्देशानुसार देशव्यापी ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत कोरबा जिले में 11 से 15 नवंबर 2026 तक विभिन्न ब्लॉक एवं मंडल क्षेत्रों में मंडल स्तरीय ‘जनचौपाल संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आम नागरिकों, मतदाताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच सीधा संवाद स्थापित कर मतदाता सूची में पारदर्शिता, मताधिकार की सुरक्षा तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।

अभियान की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर ने पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल की उपस्थिति में उनके निवास कार्यालय में जिले के संबंधित ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों की बैठक ली। बैठक में आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में जनचौपाल संवाद के आयोजन, जनभागीदारी सुनिश्चित करने और अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में जानकारी दी गई कि इन कार्यक्रमों में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक नवजोत पटनायक तथा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा कोरबा जिले का प्रभारी नियुक्त किए गए पूर्व मंत्री एवं खरसिया विधायक उमेश पटेल भी शामिल होंगे। वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आयोजित होने वाले इन संवाद कार्यक्रमों के जरिए मतदाताओं को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने और अभियान को व्यापक जनसमर्थन दिलाने की रणनीति बनाई गई है।

बैठक में उपस्थित ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्षों ने अभियान को पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ संचालित करने का संकल्प लिया। उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा जनचौपाल संवाद कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश कुमार राठौर, दर्री ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, बालकोनगर ब्लॉक अध्यक्ष ए.डी. जोशी, कोरबा ब्लॉक अध्यक्ष पालूराम साहू, मंडल अध्यक्ष मनीष शर्मा, रोपा तिर्की, जवाहर निर्मलकर, इकबाल कुरैशी, पार्षद सुखसागर निर्मलकर, रवि सिंह चंदेल, पूर्व पार्षद रामगोपाल यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान का उद्देश्य लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करना, मताधिकार की रक्षा करना और प्रत्येक नागरिक की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करना है। अभियान को सफल बनाने के लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता के साथ जनसंपर्क करेंगे।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *