बलौदाबाजार, 06 नवंबर 2026 । बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 32 पाव देसी मसाला शराब जब्त की है, जिसकी कीमत 3,200 रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई दृष्टि हेल्पलाइन में मिली सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, SP गौरव राय के निर्देशन में जिले में आम लोगों की शिकायतों और आपराधिक गतिविधियों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई के लिए दृष्टि हेल्पलाइन संचालित की जा रही है। इसी हेल्पलाइन पर 6 नवंबर 2026 को ग्राम सिंगारपुर में अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली थी।
सूचना मिलते ही थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस की टीम ने ग्राम सिंगारपुर में घेराबंदी कर दबिश दी और अवैध रूप से शराब बेच रहे अशोक यदू (32 वर्ष), निवासी ग्राम सिंगारपुर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 32 पाव देसी मसाला शराब जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
अवैध गतिविधियों की सूचना हेल्पलाइन पर दें
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की शिकायत, सूचना या आपराधिक गतिविधि की जानकारी दृष्टि हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल या व्हाट्सएप के माध्यम से दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।






