Home / Chhattisgarh / दीपावली से पहले कोरबा पुलिस अलर्ट, पटाखा व्यापारियों को सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश; उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

दीपावली से पहले कोरबा पुलिस अलर्ट, पटाखा व्यापारियों को सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश; उल्लंघन पर होगी कार्रवाई

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 01 नवंबर। दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में SP कार्यालय में पटाखा व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों को पटाखों के विक्रय, भंडारण, लाइसेंस की शर्तों और अग्नि सुरक्षा से जुड़े नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अतिरिक्त SP नितेश ठाकुर, नगर SP प्रतीक चतुर्वेदी, सीएसीबी प्रभारी विरासत कुजूर, नगर निगम की ओर से सुमित गुप्ता सहित होमगार्ड अग्निशमन दल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

पुलिस अधिकारियों ने पटाखा व्यापारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी दुकानों में वैध लाइसेंस की प्रति प्रदर्शित करें और लाइसेंस में निर्धारित स्थान पर ही पटाखों का विक्रय एवं भंडारण करें। निर्धारित मात्रा से अधिक पटाखे रखने, लाइसेंस की वैधता समाप्त होने के बाद कारोबार करने तथा दुकान का अन्य प्रयोजनों के लिए उपयोग करने पर प्रतिबंध रहेगा।

अग्नि सुरक्षा को लेकर प्रत्येक दुकान में पर्याप्त संख्या में अग्निशमन यंत्र, रेत और पानी की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। दुकानों में बीड़ी, सिगरेट, माचिस और खुली आग के उपयोग पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा विद्युत वायरिंग सुरक्षित रखने, दुकानों के बीच निर्धारित दूरी बनाए रखने और अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने को कहा गया।

बैठक के दौरान होमगार्ड अग्निशमन दल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने व्यापारियों को अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस दौरान डेमो के माध्यम से बताया गया कि आग लगने की स्थिति में किस तरह तत्काल अग्निशमन उपकरणों का इस्तेमाल कर आग पर काबू पाया जा सकता है। व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों के संचालन की जानकारी रखने की भी हिदायत दी गई।

पुलिस ने व्यापारियों को केवल वैध एवं अधिकृत पटाखों का ही विक्रय करने के निर्देश दिए। प्रतिबंधित पटाखों और अन्य ज्वलनशील सामग्री का भंडारण नहीं करने, दुकानों के सामने भीड़ एकत्रित नहीं होने देने तथा वाहनों की पार्किंग रोकने को कहा गया। आपातकालीन निकास मार्ग हमेशा खुला रखने और नाबालिगों को पटाखे बेचने सहित सभी लागू कानूनी प्रतिबंधों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि, आगजनी या आपातकालीन स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस एवं अग्निशमन विभाग को देने की अपील की। साथ ही निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों को पूरा सहयोग देने के लिए कहा गया। कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया कि लाइसेंस की शर्तों और अग्नि सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने सभी व्यापारियों से जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दीपावली पर्व को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने में सहयोग करने की अपील की।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *