कोरबा, 01 नवंबर 2026। जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत सीएसईबी के निर्माणाधीन 1320 मेगावाट विद्युत संयंत्र से औद्योगिक उपकरणों की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। दर्री पुलिस ने चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब एक लाख रुपये कीमत के चोरी गए सभी उपकरण बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को सुधीर जैन ने थाना दर्री में चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी फर्म सिद्धि विनायक एसोसिएट्स निर्माणाधीन 1320 मेगावाट विद्युत संयंत्र में सब-कॉन्ट्रैक्टर के रूप में काम कर रही है। शिकायत के मुताबिक, 29 अक्टूबर की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने कार्यस्थल से वेल्डिंग मशीन, ग्राइंडर, केबल, कटर मशीन सहित अन्य औद्योगिक उपकरण चोरी कर लिए थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई गई थी।
मामले में अपराध दर्ज कर दर्री पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इस दौरान मिली सूचना के आधार पर संदेही रोहित शुक्ला और संदीप भोई को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने निर्माण स्थल से उपकरण चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पुरानी वेल्डिंग मशीन (VIVGO Plus), एक 14 इंच की चश्मा मशीन (Bosch), दो 4 इंच के प्लाई कटर और एक 7 इंच का ग्राइंडर बरामद किया है। जब्त उपकरणों की कुल अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये है।
दर्री पुलिस ने चोरी गए शत-प्रतिशत सामान की बरामदगी करते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई पूरी की और 1 नवंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।







