दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया जिले के झिरका बाग स्थित कारसदेव मंदिर में पुजारी रतनदास की हत्या के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दान पेटी लूटने के मकसद से पुजारी की निर्मम हत्या की और घटना के बाद मौके से फरार हो गया था।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए लला जोशी नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई ईंट, लूटी गई दान पेटी और 2 हजार 500 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी को पुलिस ने न्यायालय में पेश कर दिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में सिविल लाइन TI वैभव गुप्ता और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दान पेटी की लूट के लिए हुई इस हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।







