0 24 नवंबर को माँ सर्वमंगला मंदिर घाट पर शाम 5 बजे होगी हसदेव महाआरती, कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य यजमान के रूप में होंगे शामिल
कोरबा, 23 नवंबर। नमामि हसदेव सेवा समिति के द्वारा कार्तिक पूर्णिमा (देव दीपावली) के पावन अवसर पर 24 नवंबर 2026, मंगलवार को हसदेव महाआरती का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन शाम 5 बजे माँ सर्वमंगला मंदिर घाट, कोरबा में दीदी मां साध्वी प्रज्ञा भारती के सानिध्य में संपन्न होगा। आयोजन को लेकर समिति की ओर से श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों को सपरिवार शामिल होने का आमंत्रण दिया गया है।
नमामि हसदेव सेवा समिति लंबे समय से कोरबा जिले की जीवनदायिनी हसदेव नदी, उसकी सहायक नदियों और अन्य प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए कार्य कर रही है। समिति का प्रमुख उद्देश्य जल स्रोतों में बढ़ते प्रदूषण को कम करना, नदियों की स्वच्छता बनाए रखना और उनके तटों का सौंदर्यीकरण करना है। इसी उद्देश्य को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने के लिए समिति द्वारा प्रत्येक माह की पूर्णिमा को माँ सर्वमंगला मंदिर घाट पर शाम 5 बजे हसदेव आरती का आयोजन किया जाता है।
इसी नियमित धार्मिक एवं पर्यावरण संरक्षण की पहल को आगे बढ़ाते हुए इस बार कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के विशेष अवसर पर हसदेव महाआरती आयोजित की जा रही है। आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ-साथ नदियों और प्राकृतिक जल स्रोतों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने का संदेश भी दिया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन होंगे मुख्य यजमान
हसदेव महाआरती के मुख्य यजमान छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन होंगे। वहीं विशिष्ट यजमान के रूप में नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, कटघोरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रेमचन्द पटेल, भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय मंत्री राधेश्याम जायसवाल, छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के पूर्व अध्यक्ष देवेन्द्र पाण्डेय शामिल होंगे।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय चेयरमेन अशोक कुमार मोदी, छत्तीसगढ़ अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के प्रदेश महामंत्री राकेश श्रीवास्तव, भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ की प्रदेश मंत्री ऋतु चौरसिया, विश्व हिन्दू परिषद छत्तीसगढ़ के प्रदेश सह मंत्री विजय कुमार राठौर भी विशिष्ट यजमान के रूप में आयोजन में सहभागिता करेंगे।
इसी क्रम में कुर्मी क्षत्रीय कल्याण समिति कोरबा के जिलाध्यक्ष राजकुमार वर्मा, कोरबा सतनामी कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष नारायण कुर्रे तथा संयुक्त मानिकपुरी पनिका समाज कोरबा के जिलाध्यक्ष संतोष दास महंत की भी विशिष्ट यजमान के रूप में उपस्थिति रहेगी।
नदी संरक्षण और सामाजिक सहभागिता का दिया जाएगा संदेश
समिति का मानना है कि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि समाज, पर्यावरण और जनजीवन की आधारशिला हैं। हसदेव नदी और उसकी सहायक नदियों का स्वच्छ एवं सुरक्षित रहना पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में धार्मिक आयोजनों के माध्यम से आम नागरिकों को जल संरक्षण, स्वच्छता और प्राकृतिक संसाधनों के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित करना भी इस पहल का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
देव दीपावली के अवसर पर आयोजित होने वाली महाआरती में श्रद्धालु सामूहिक रूप से मां हसदेव के प्रति अपनी आस्था प्रकट करेंगे। समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि वे इस आयोजन में अपने परिवार और परिचितों के साथ पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनें तथा नदी संरक्षण के इस सामूहिक अभियान को अपना सहयोग प्रदान करें।
नमामि हसदेव सेवा समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से 24 नवंबर को शाम 5 बजे माँ सर्वमंगला मंदिर घाट पहुंचकर हसदेव महाआरती में शामिल होने और पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है। समिति को उम्मीद है कि जनसहभागिता से यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ हसदेव नदी के संरक्षण और स्वच्छता के संकल्प को भी मजबूती प्रदान करेगा।







