Home / Chhattisgarh / जांजगीर-चांपा में 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आया मजदूर दंपती, पति की मौत; पत्नी गंभीर

जांजगीर-चांपा में 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आया मजदूर दंपती, पति की मौत; पत्नी गंभीर

ख़बर शेयर करें:

जांजगीर-चांपा, 06 अक्टूबर। थाना चौक के पास निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे मजदूर दंपती मंगलवार दोपहर 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गए। हादसे में महुदा निवासी 50 वर्षीय रामनाथ गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें इलाज के लिए शासकीय बीडीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं उनकी पत्नी लता कर्ष (45) भी करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनका इलाज बीडीएम अस्पताल में जारी है।

जानकारी के अनुसार रामनाथ और उनकी पत्नी लता कर्ष रोजी-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। दोनों पिछले कुछ दिनों से थाना चौक के पास मेन रोड स्थित एक निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहे थे। मंगलवार दोपहर करीब 2:20 बजे काम के दौरान दोनों सड़क के ऊपर से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बिजली का तेज करंट लगने के बाद रामनाथ नीचे सड़क पर गिर पड़े, जबकि उनकी पत्नी लता भी गंभीर रूप से झुलस गईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने रामनाथ को मृत घोषित कर दिया, जबकि लता का उपचार शुरू किया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

रामनाथ की मौत की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में बीडीएम अस्पताल पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

बताया गया है कि जिस निर्माणाधीन मकान में दंपती मजदूरी कर रहे थे, वह संतोष देवांगन का है। घटना की सूचना मिलने के बाद चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा बिजली लाइन की चपेट में आने से हुआ, इसे लेकर पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *