Home / Chhattisgarh / जांजगीर-चांपा में विद्याभारती क्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

जांजगीर-चांपा में विद्याभारती क्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

जांजगीर-चांपा, 21 सितंबर 2026। चांपा के सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विद्याभारती मध्य क्षेत्र क्षेत्रीय कबड्डी खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का समापन समारोह सोमवार को हुआ। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। विजेता टीम को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए खेल बेहद जरूरी है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का वास होता है। विद्यार्थियों और युवाओं को प्रतिदिन खेल के लिए समय देना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास और ऊर्जा प्रदान करने के साथ लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि खेल में जीत और हार दोनों होती हैं, लेकिन हर खिलाड़ी को इससे कुछ न कुछ सीखने का अवसर मिलता है। मैदान में बहाया गया पसीना शरीर में ऊर्जा और जीवन में उत्साह बनाए रखता है। विद्या भारती विद्यार्थियों और युवाओं को अनुशासन एवं संस्कारों से जोड़ते हुए उन्हें अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित कर रही है।

उप मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को जीवन में असफलता से निराश न होने की सीख देते हुए कहा कि जिस तरह एक बच्चा चलना सीखते समय बार-बार गिरने के बाद भी उठकर प्रयास करता है और अंततः चलना व दौड़ना सीख जाता है, उसी तरह जीवन में भी असफलताओं से सीख लेकर लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। मन, समर्पण और संकल्प के साथ किया गया प्रयास सफलता की राह खोलता है।

उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास और ऊर्जा से भरा व्यक्ति जीवन में आगे बढ़ता है। असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर और मजबूती के साथ आगे बढ़ना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यालयों में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन और शिष्टाचार की सीख दी जाती है। यह संस्कार विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और उन्हें एक अच्छा इंसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम को जुड़ावन सिंह ठाकुर और सुधीर देव ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की सहभागिता और उपलब्धियां गर्व का विषय हैं। जीत और हार दोनों ही जीवन में महत्वपूर्ण सीख देती हैं। खेल से शारीरिक, मानसिक और व्यक्तित्व का समुचित विकास होता है।

समापन समारोह में सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता आनंद मिरी, चांपा नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, जांजगीर-नैला नगर पालिका अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी और खिलाड़ी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *