कोरबा, 12 नवंबर। जिले के सिविल लाइन रामपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शराब के नशे में घर के पास पहुंचकर एक युवक के पेट पर सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर दिया था। वहीं, बीच-बचाव करने आए दूसरे युवक पर भी चाकू से वार किया, जिससे उसकी उंगली में चोट आई थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हल्के गुलाबी रंग का चाकू जब्त कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कुंदन भट्ट (35 वर्ष), निवासी ग्राम आछीमार ने थाना सिविल लाइन रामपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 9 नवंबर 2026 को गांव के ही जोगी राम मिरी ने उसे फोन कर घर बुलाया था। सुबह करीब 10:30 बजे आरोपी पुरानी रंजिश को लेकर शराब के नशे में उसके घर के पास पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसी दौरान आरोपी ने अपने साथ लाए सब्जी काटने वाले चाकू से कुंदन भट्ट के पेट पर हमला कर दिया।
घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे आशिष भट्ट पर भी आरोपी ने चाकू से वार किया, जिससे उसके हाथ की उंगली में चोट आई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने तत्काल आरोपी की तलाश शुरू की और उसे उसके निवास स्थान से हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना में चाकू से हमला करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर गवाहों की मौजूदगी में हल्के गुलाबी रंग का सब्जी काटने वाला चाकू जब्त किया। पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 12 नवंबर 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोगी राम मिरी (29 वर्ष), पिता फोटुलाल, निवासी ग्राम आछीमार, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा के रूप में हुई है।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से आपसी विवाद और रंजिश के मामलों में कानून हाथ में नहीं लेने की अपील की है।







