Home / Chhattisgarh / जांजगीर-चांपा में पीएम आवास योजना की धीमी प्रगति पर कलेक्टर नाराज, अधिकारियों-कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश

जांजगीर-चांपा में पीएम आवास योजना की धीमी प्रगति पर कलेक्टर नाराज, अधिकारियों-कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश

ख़बर शेयर करें:

जांजगीर-चांपा, 18 नवंबर। जिले में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने समीक्षा बैठक ली। कलेक्टोरेट के संकल्प सभाकक्ष में आयोजित बैठक में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही अधूरे आवासों और लंबित निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जनपद पंचायतवार और ग्राम पंचायतवार पीएम आवास निर्माण की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित जनपद पंचायतों के सीईओ, पीएम आवास ब्लॉक कोऑर्डिनेटर और तकनीकी सहायकों को नोटिस जारी करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वीकृत आवासों का निर्माण तेजी से पूरा कराया जाए और निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। जिन स्वीकृत आवासों का निर्माण अब तक शुरू नहीं हुआ है, उनकी ग्राम पंचायतवार विस्तृत रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में विकसित भारत राम योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने दिसंबर माह के लिए निर्धारित मानव दिवस के लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों का चिन्हांकन कर आजीविका डबरी निर्माण के लिए विशेष अभियान चलाने और अधिक से अधिक डबरी निर्माण कार्य स्वीकृत कर शुरू कराने को कहा। साथ ही बोर रिचार्ज, आंगनबाड़ी भवन और पीडीएस भवन निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में स्वीकृत बालिका शौचालयों का निर्माण आगामी एक माह के भीतर पूरा कराने और मुक्तिधाम निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने को कहा। विकसित ग्राम पंचायत प्लान के तहत आगामी पांच वर्षों में ग्राम पंचायतों के समग्र विकास के लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा सभी ग्राम रोजगार सहायकों की ई-केवाईसी इसी सप्ताह शत-प्रतिशत पूर्ण कराने, जलदूत ऐप में आवश्यक प्रविष्टियां करने और जिले के सभी कुओं का शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण सुनिश्चित करने को कहा।

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पंचायतों में घर-घर कचरा संग्रहण व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने गीला, सूखा, घरेलू हानिकारक और सैनिटरी कचरे को अलग-अलग एकत्र करने तथा कचरे का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा। वहीं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के तहत स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ावा देने और महिलाओं को आजीविका के नए अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया।

बैठक में राशन कार्ड से संबंधित हितग्राहियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा आंगनबाड़ी भवनों के लंबित निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कर समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, एसीईओ नीतेश वर्मा, प्रभारी उप संचालक पंचायत बरन सिंह मंडावी सहित जनपद पंचायतों के सीईओ एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

विकसित भारत राम योजना के लिए जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला

योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिले में कार्यक्रम अधिकारियों, सहायक कार्यक्रम अधिकारियों, तकनीकी सहायकों और लेखापालों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण-सह-समीक्षा कार्यशाला भी आयोजित की गई। कलेक्टर जन्मेजय महोबे की अध्यक्षता में हुई इस कार्यशाला में आगामी चार माह के प्राथमिकता वाले कार्यों और निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने की रणनीति पर चर्चा की गई।

जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम ने योजना के क्रियान्वयन और तकनीकी प्रक्रियाओं की जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान एनएमएमएस 2.0, एमआईएस, लेखा एवं लंबित देनदारियां, जीएसटी, एफटीओ जनरेशन, विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान की ऑनलाइन प्रविष्टि, कार्यों की गुणवत्ता, भू-ग्राम, सिक्योर और ई-एमबी जैसे विषयों पर अलग-अलग सत्र आयोजित किए गए।

इसके साथ ही आजीविका डबरी, नवा तरिया, सुघर बाड़ी और धार अपार जैसे कार्यों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तकनीकी प्रक्रियाओं और ऑनलाइन प्रविष्टियों के माध्यम से योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए प्रशिक्षित किया गया।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *