Home / Chhattisgarh / जांजगीर-चांपा में निर्माण कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने दिए सख्त निर्देश

जांजगीर-चांपा में निर्माण कार्यों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने दिए सख्त निर्देश

ख़बर शेयर करें:

0 1 से 14 दिसंबर तक आयोजित होगा वजन त्यौहार, धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्था दुरुस्त रखने और चक्रवात प्रभावित किसानों को शीघ्र राहत देने के निर्देश

जांजगीर-चांपा, 23 नवंबर। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में चल रहे विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं और धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों में लापरवाही और अनावश्यक देरी पर कड़ी नाराजगी जताते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य शुरू करने में देरी या धीमी प्रगति पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में कलेक्टर ने आगामी 1 से 14 दिसंबर तक आयोजित होने वाले वजन त्यौहार की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक गांव और वार्ड में बच्चों एवं किशोरियों का चिन्हांकन कर उनके पोषण स्तर का आकलन करने, पोषण ट्रैकर ऐप में जानकारी दर्ज करने और एनीमिया की जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को नियमित रूप से केंद्रों में उपस्थित रहने, हितग्राहियों के घर जाकर होम विजिट करने और महिलाओं एवं बच्चों का निर्धारित टीकाकरण सुनिश्चित कराने को कहा।

धान खरीदी केंद्रों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समीक्षा करते हुए सभी उपार्जन केंद्रों में 36 बिंदुओं की चेकलिस्ट के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने धान को बारिश से बचाने के लिए पर्याप्त तिरपाल और जल निकासी के लिए ड्रेनेज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

चक्रवात प्रभावित किसानों को मिलेगी राहत

बैठक में कृषि एवं उद्यानिकी विभाग से चक्रवात के बाद फसलों की स्थिति और नुकसान की जानकारी ली गई। कलेक्टर ने प्रभावित फसलों का आकलन कर पात्र किसानों को फसल बीमा योजना और आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के तहत शीघ्र राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने फसल बीमा के तहत प्राप्त आवेदनों का भी जल्द निराकरण करने को कहा।

निर्माण कार्यों की होगी जांच, लापरवाही पर कार्रवाई

कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और हाउसिंग बोर्ड के अंतर्गत चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित कार्यों को तत्काल शुरू करने और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। जांजगीर मुख्यालय में चल रहे डिवाइडर निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के साथ यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए सड़क किनारे अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए।

इसके लिए राजस्व, नगर पालिका और पुलिस विभाग को समन्वय बनाकर कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं, ऑडिटोरियम जांजगीर में चल रहे मरम्मत कार्य को भी समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि वे स्वयं सभी निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का निरीक्षण करेंगे।

आजीविका डबरी निर्माण को प्राथमिकता

विकसित भारत राम योजना के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर किसानों के खेतों में आजीविका डबरियों का निर्माण प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि इससे ग्रामीण परिवारों को आजीविका के स्थायी अवसर मिलेंगे और जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन को भी बढ़ावा मिलेगा।

इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने को कहा गया। पारस पोर्टल पर विभागीय योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी नियमित अपडेट करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने लंबित आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने और शिकायतों के समाधान का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिए।

इस दौरान जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, आर.के. तम्बोली, प्रमोद गुप्ता, स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *