रायगढ़, 23 नवंबर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए रायगढ़ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने एक दिन में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 631 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की है। इस दौरान करीब 4 लाख रुपये का चालान काटा गया। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने वाले 6 चालक भी पुलिस के हत्थे चढ़े।
वरिष्ठ SP शशि मोहन सिंह के निर्देश पर 22 नवंबर को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान तेज रफ्तार वाहन चलाने, बिना हेलमेट, ट्रिपल सवारी, मालवाहक वाहनों में यात्रियों को बैठाने तथा वाहन के बीमा और अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

शराब पीकर वाहन चलाने वाले 6 चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। अभियान में सबसे अधिक 165 वाहन चालकों पर यातायात पुलिस रायगढ़ ने कार्रवाई की। इसके अलावा तमनार में 101, धरमजयगढ़ में 74, छाल में 33, लैलूंगा में 31, भूपदेवपुर में 27, सिटी कोतवाली में 26, जूटमिल में 25, कापू और खरसिया में 23-23, कोतरारोड़ में 22, घरघोड़ा में 20, पुसौर में 19, चक्रधरनगर में 14 और पूंजीपथरा में 8 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। तेज रफ्तार और शराब पीकर वाहन चलाना जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा जरूरी दस्तावेज साथ रखने की अपील की है।
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।






