जांजगीर-चांपा। बिर्रा थाना क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया करीब 40 हजार रुपए का मशरूका बरामद कर जप्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर 2026 को प्रार्थी अपने परिवार के साथ जिला सरगुजा के ग्राम चांदो से काम कर वापस अपने घर पहुंचा। घर पहुंचने पर उसने देखा कि बाहर और अंदर के कमरों के ताले टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर घर से दो नग टीवी, तीन छत पंखे, एक मोटर पंप, स्टील, पीतल और कांसे के बर्तन सहित चांदी की बिछिया, सोने का लॉकेट और चांदी का बाजूबंद गायब मिले। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई।
घटना की सूचना मिलने पर बिर्रा पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को मिले गुप्त सूचना और संदेह के आधार पर सेमरिया निवासी दिलहरण कश्यप और शिव कुमार जांगड़े से पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी दिलहरण कश्यप के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने उसके घर से चोरी गए दो टीवी, एक सीलिंग फैन और एक टुल्लू पंप बरामद किया। बरामद सामान की कुल कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने चोरी के सामान को गवाहों की मौजूदगी में जप्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलहरण कश्यप पिता साखीराम, उम्र 31 वर्ष और शिव कुमार जांगड़े पिता अवधराम जांगड़े, उम्र 26 वर्ष, दोनों निवासी सेमरिया, थाना बिर्रा के रूप में हुई है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बिर्रा पुलिस की इस कार्रवाई से चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा हुआ और चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया गया। मामले में थाना बिर्रा पुलिस की भूमिका सराहनीय रही।







