Home / Entertainment / जन्मदिन पर शाहरुख खान ने फैंस को दिया खास तोहफा, फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज

जन्मदिन पर शाहरुख खान ने फैंस को दिया खास तोहफा, फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज

ख़बर शेयर करें:

मुंबई। बॉलीवुड सुपरस्टार शाहरुख खान ने अपने जन्मदिन के खास मौके पर प्रशंसकों को शानदार तोहफा देते हुए अपनी आगामी एक्शन एंटरटेनर फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज कर दिया। रोमांस, एक्शन और रोमांच से भरपूर इस गाने में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की लोकप्रिय ऑनस्क्रीन जोड़ी एक बार फिर नजर आ रही है। खास बात यह है कि इस गाने के जरिए बॉलीवुड और अंतरराष्ट्रीय संगीत जगत के चर्चित कलाकार एक साथ आए हैं।

‘तू मिल जाए’ की शुरुआत शाहरुख खान के दमदार डायलॉग से होती है, जिसमें वह कहते हैं, “मैं कातिल नहीं, आशिक हूं, और निशाना मेरी माशूका, और वो आशिक ही क्या जो दिल चीर न दे।” इसके बाद गाने में रोमांटिक अंदाज, शानदार डांस और एक्शन से भरपूर दृश्य देखने को मिलते हैं। अरिजीत सिंह की सुरीली आवाज, मधुबंती बागची की गायकी और अंतरराष्ट्रीय पॉप स्टार एड शीरन के खास अंग्रेजी रैप ने इस गाने को अलग पहचान दी है।

शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की केमिस्ट्री गाने का प्रमुख आकर्षण है। दोनों की जोड़ी रोमांटिक दृश्यों के साथ शानदार विजुअल्स में नजर आती है। वहीं, एक्शन सीक्वेंस और प्रभावशाली ट्रांजिशन फिल्म की दुनिया को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाते हैं।

सचिन-जिगर ने गाने को संगीतबद्ध किया है, जबकि इसके बोल कुमार ने लिखे हैं। पीयूष और शाजिया ने कोरियोग्राफी की है। एड शीरन के अंग्रेजी रैप ने इस म्यूजिकल प्रस्तुति में अंतरराष्ट्रीय रंग जोड़ा है। गाने का समापन भी शाहरुख खान के एक दमदार संवाद से होता है, “इस बार दिल में आग लगी है, अब दुनिया जलाए बिना मानेगा नहीं।”

सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी फिल्म ‘किंग’ का निर्माण रेड चिलीज एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स ने किया है। फिल्म 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ‘तू मिल जाए’ सभी प्रमुख म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। इसका म्यूजिक वीडियो जी म्यूजिक कंपनी और टी-सीरीज के यूट्यूब चैनलों पर देखा जा सकता है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *