Home / Chhattisgarh / राज्योत्सव पर ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं में 54 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

राज्योत्सव पर ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं में 54 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

ख़बर शेयर करें:

कोरबा,02 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के 26वें वर्ष के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव के तहत शनिवार को पीएम स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजेस), बालको नगर में ब्लॉक स्तरीय भाषण, निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में क्षेत्र के 20 स्कूलों के लगभग 54 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विभिन्न विषयों पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता, अभिव्यक्ति कौशल एवं सामान्य ज्ञान का परिचय दिया।

निबंध प्रतियोगिता में सेजेस रूआबांधा साडा, कोरबा के भानु गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीटीआई हायर सेकेंडरी स्कूल, बालको की रिया पांडेय द्वितीय तथा पीएम सेजेस बालको की हिमानी सोनी तृतीय स्थान पर रहीं। इसी तरह भाषण प्रतियोगिता में पीएम सेजेस बालको की आयुषी सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया। पीएम सेजेस तिलकेजा की जानी पटेल द्वितीय तथा सेजेस साडा कन्या, कोरबा की प्रिया साहू तृतीय स्थान पर रहीं।

क्विज प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने अपनी जानकारी और त्वरित उत्तर देने की क्षमता का प्रदर्शन किया। इसमें बी बाल सदन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बालको की दृष्टि धीवर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पीएम सेजेस बालको के दिनेश कुरी द्वितीय तथा हाई स्कूल गढ़ उपरोड़ा की जिया ने तृतीय स्थान हासिल किया।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय, विकासखंड शिक्षा अधिकारी जितेंद्र साहू, बीआरसीसी अनिल रात्रे, व्याख्याता संजय दुबे, सीएसी सत्यनारायण मनहर, पार्षद सत्येंद्र दुबे, स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष जितेंद्र नाथ दुबे तथा प्रभारी प्राचार्य कृष्णा रानी मनहर विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं भी मौजूद थे।

आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, तार्किक क्षमता, भाषण कला, लेखन कौशल एवं सामान्य ज्ञान को प्रोत्साहित करना रहा। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ शैक्षणिक गतिविधियों में सहभागिता का अवसर मिला। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *