जांजगीर-चांपा, 03 नवंबर। जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में 3 नवंबर को पुलिस सहायता केंद्र राहौद और खरौद पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम धरदेही की धनवार बस्ती में छापेमारी की। इस दौरान लावारिस हालत में रखे 20 पीले डिब्बों से करीब 500 किलोग्राम महुआ लहान बरामद किया गया।
पुलिस टीम ने अवैध महुआ शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले महुआ लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान किसी आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।
यह कार्रवाई SP विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में की गई। जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और भंडारण से जुड़ी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में एएसआई राजेंद्र क्षत्रिय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक ओमकार वर्मा और चौकी स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।







