जांजगीर-चांपा, 05 अक्टूबर। जिले के चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम उच्चभिट्ठी में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद गंभीर घटना में बदल गया। विवाद के दौरान एक युवक ने घर में घुसकर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने पहुंचे बुजुर्ग को आरोपी ने जोरदार धक्का दे दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े और कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम उच्चभिट्ठी में करीब 9 डिसमिल जमीन, जिस पर मकान बना हुआ है, उसके बंटवारे को लेकर लोचन प्रसाद यादव, गोपी यादव और भरत यादव के परिवारों के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर राजकिरण यादव (23), निवासी उच्चभिट्ठी, रमेश यादव के घर में घुस गया। आरोप है कि उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और रमेश यादव के साथ मारपीट की।
मारपीट के दौरान रमेश के पिता लोचन प्रसाद यादव बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान आरोपी ने उन्हें सीने पर जोरदार धक्का दे दिया। धक्का लगने से लोचन प्रसाद जमीन पर गिर पड़े और सीने में हाथ रख लिया। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर चांपा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पंचनामा कार्रवाई के साथ मृतक का पोस्टमार्टम कराया गया। सूचक और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान तथा शॉर्ट पीएम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 105, 296, 351(3) और 333 के तहत अपराध दर्ज किया।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपी राजकिरण यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके मेमोरण्डम के आधार पर घटना में प्रयुक्त स्टील का ब्लेड भी जब्त किया गया। इसके बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे सहित चांपा थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







