Home / National / जनकपुर धाम से अयोध्या तक चलेगी साप्ताहिक ट्रेन, रेलवे ने दी मंजूरी

जनकपुर धाम से अयोध्या तक चलेगी साप्ताहिक ट्रेन, रेलवे ने दी मंजूरी

ख़बर शेयर करें:

नई दिल्ली। भारत और नेपाल के बीच रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में भारतीय रेलवे ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। रेलवे ने नेपाल के जनकपुर धाम और उत्तर प्रदेश के अयोध्या कैंट के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू करने को मंजूरी दे दी है। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली यह ट्रेन रामायण परंपरा से जुड़े दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों को सीधे रेल मार्ग से जोड़ेगी।

जनकपुर धाम को माता सीता का जन्मस्थान और अयोध्या को भगवान श्रीराम का जन्मस्थान माना जाता है। ऐसे में इस रेल सेवा से दोनों स्थानों के बीच धार्मिक यात्राएं आसान होने के साथ ही भारत और नेपाल के साझा सांस्कृतिक संबंधों को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।

शनिवार को जनकपुर से, सोमवार को अयोध्या से होगी शुरुआत

रेलवे के अनुसार, ट्रेन सप्ताह में एक बार चलेगी। इसकी शुरुआत शनिवार को जनकपुर धाम से होगी, जबकि अयोध्या कैंट से सोमवार को ट्रेन रवाना होगी। इस दौरान ट्रेन बिहार और उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण शहरों और कस्बों से होकर गुजरेगी।

मार्ग में जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम में वाणिज्यिक ठहराव निर्धारित किए गए हैं। जनकपुर धाम और अयोध्या कैंट इसके टर्मिनल स्टेशन होंगे।

धार्मिक पर्यटन और स्थानीय कारोबार को मिलेगा बढ़ावा

नई ट्रेन सेवा से जनकपुर और अयोध्या के बीच तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की आवाजाही आसान होने की उम्मीद है। इससे रामायण से जुड़े धार्मिक पर्यटन सर्किट को बढ़ावा मिल सकता है। इसके अलावा शिक्षा, कारोबार और पारिवारिक कारणों से सीमा पार यात्रा करने वाले लोगों को भी बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी।

रेल संपर्क बढ़ने से मार्ग के प्रमुख शहरों और सीमावर्ती क्षेत्रों में पर्यटन, होटल व्यवसाय, स्थानीय व्यापारियों और पारंपरिक कारीगरों को नए अवसर मिलने की संभावना है। इससे बिहार और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिल सकता है।

भारत-नेपाल संबंधों को मिलेगी नई मजबूती

भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और सामाजिक संबंध रहे हैं। दोनों देशों के धार्मिक स्थलों और सीमावर्ती समुदायों के बीच गहरे संबंध हैं। जनकपुर धाम और अयोध्या को जोड़ने वाली यह रेल सेवा इन रिश्तों को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

भारतीय रेलवे की इस पहल से न केवल दोनों देशों के बीच यात्री संपर्क बढ़ेगा, बल्कि धार्मिक पर्यटन, क्षेत्रीय विकास और आपसी सहयोग को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *