कोरबा, 18 नवंबर 2026। जलाराम सेवा समिति कोरबा के तत्वावधान में संत शिरोमणि जलाराम बापा की 227वीं जयंती सोमवार, 16 नवंबर को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर शहर में विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जयंती समारोह के तहत विधि-विधान से अभिषेक, पूजन-अर्चन, भव्य शोभायात्रा, सम्मान समारोह और महाप्रसाद वितरण किया गया। आयोजन में समाज के लोगों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर संत जलाराम बापा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीडीएम रोड स्थित जलाराम मंदिर में सुबह 10 बजे हुआ। इस दौरान दक्षिणी परिवार द्वारा संत जलाराम बापा का अभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। मंदिर परिसर में धार्मिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं ने दर्शन कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इसके बाद शाम 4 बजे ट्रांसपोर्ट नगर स्थित डेक्सिस रेस्टो से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा टीपी नगर चौक से होते हुए जयकारों और भक्तिमय माहौल के बीच जलाराम मंदिर पहुंची। रास्तेभर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। टीपी नगर में पीयूष भाई राठौड़ एवं कल्पेश भाई राठौड़ परिवार ने शोभायात्रा का स्वागत किया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।

शाम को मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में जलाराम सेवा समिति की ओर से वार्षिक आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात समिति एवं समाज के प्रमुख पदाधिकारियों ने मंदिर के विकास तथा धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों में सहयोग प्रदान करने वाले दानदाताओं को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। इस अवसर पर समाज के लोगों ने मंदिर की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सामूहिक सहभागिता और सहयोग की भावना व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। रात 10 बजे महाआरती एवं उद्यापन आरती के साथ जलाराम बापा की 227वीं जयंती समारोह का विधिवत समापन हुआ। आयोजन को सफल बनाने में जलाराम सेवा समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं समाजजनों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समिति ने समारोह में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं, दानदाताओं और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।






