Home / Chhattisgarh / छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में मेनपाट टाइटन की जीत में निहाल बरेठ का अहम योगदान, कोरबा का नाम किया रोशन

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में मेनपाट टाइटन की जीत में निहाल बरेठ का अहम योगदान, कोरबा का नाम किया रोशन

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 03 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शानदार प्रदर्शन करते हुए बालको नगर के होनहार खिलाड़ी निहाल कुमार बरेठ ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। रायपुर में 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में निहाल ने मेनपाट टाइटन टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए टीम को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी इस उपलब्धि से बालको नगर के साथ ही कोरबा जिले का गौरव बढ़ा है।

बालको टाउनशिप हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा 11वीं (कॉमर्स) के छात्र निहाल कुमार बरेठ, पिता भीष्मदेव बरेठ एवं माता सुनीता बरेठ, ने प्रतियोगिता के दौरान अपने खेल कौशल और बेहतर प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने लीग मुकाबलों में दो गोल दागकर मेनपाट टाइटन की जीत में अहम योगदान दिया।

इस प्रतियोगिता में मेनपाट टाइटन की टीम में कई अनुभवी अंतरराष्ट्रीय और ओलंपियन खिलाड़ियों ने भी हिस्सा लिया। इनमें अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रहलाद राजभर, आनंद लकड़ा और मोहित नायक शामिल रहे, जबकि ओलंपियन प्रदीप मोरे ने टीम का नेतृत्व किया। अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए निहाल को अपनी प्रतिभा दिखाने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला मेनपाट टाइटन और संकारधानी स्ट्राइकर टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले में मेनपाट टाइटन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-2 से जीत दर्ज की और छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का खिताब अपने नाम कर लिया।

निहाल की इस उपलब्धि को बालको टाउनशिप हायर सेकेंडरी इंग्लिश मीडियम स्कूल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

निहाल की सफलता पर स्कूल प्रबंधन समिति, प्राचार्य एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी है। साथ ही भविष्य में इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की शुभकामनाएं दी हैं। विद्यालय परिवार ने निहाल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह आगे चलकर ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर कोरबा और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *