Home / Entertainment / Tamil Cinema: मुख्यमंत्री विजय ने तमिल फिल्म इंडस्ट्री को दिया दिवाली तोहफा, 224 फिल्मों के लिए जारी हुई 15.68 करोड़ की सब्सिडी

Tamil Cinema: मुख्यमंत्री विजय ने तमिल फिल्म इंडस्ट्री को दिया दिवाली तोहफा, 224 फिल्मों के लिए जारी हुई 15.68 करोड़ की सब्सिडी

ख़बर शेयर करें:

Tamil Cinema: चेन्नई। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की सरकार ने दिवाली से पहले तमिल फिल्म इंडस्ट्री को बड़ी राहत दी है। सरकार ने 224 फिल्मों के निर्माताओं के लिए कुल 15.68 करोड़ रुपये की सब्सिडी जारी की है। चेन्नई में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री राजमोहन अरुमुगम ने सभी चयनित निर्माताओं को 7-7 लाख रुपये के चेक सौंपे। यह सब्सिडी कई सालों से लंबित थी।

2015 से 2022 तक की फिल्मों को मिली मदद

इस योजना के तहत 2015 से 2022 के बीच बनी कम बजट की फिल्मों को चुना गया है। रिटायर्ड जस्टिस एसके कृष्णन की अध्यक्षता वाली कमेटी ने हर साल 28 फिल्मों का चयन किया। इस तरह आठ साल की कुल 224 फिल्मों को सब्सिडी के लिए योग्य माना गया। सरकार का मकसद कम बजट में अच्छी और सामाजिक मुद्दों पर आधारित फिल्में बनाने वाले निर्माताओं को प्रोत्साहित करना है।

प्रोड्यूसर टी सिवा ने जताया आभार

प्रोड्यूसर टी सिवा ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री विजय और मंत्री राजमोहन का आभार जताया। उन्होंने लिखा कि यह सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई परिवारों के लिए दिवाली का तोहफा है। उनके मुताबिक, सब्सिडी पाने वालों में करीब 90 फीसदी ऐसे लोग हैं, जिनकी आजीविका फिल्म निर्माण के कारण प्रभावित हुई है।

सामाजिक मुद्दों पर फिल्में बनाने को मिलेगा बढ़ावा

सब्सिडी योजना का उद्देश्य ऐसी तमिल फिल्मों को बढ़ावा देना है, जो कम बजट में बनती हैं और समाज से जुड़े मुद्दों को सामने लाती हैं। कार्यक्रम में मंत्री राजमोहन ने भी सामाजिक जागरूकता फैलाने वाली फिल्मों के योगदान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में तमिल सिनेमा के पुरस्कार और सब्सिडी पारदर्शी तरीके से योग्यता के आधार पर दिए जाएंगे।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *