Home / Chhattisgarh / छत्तीसगढ़ में 13.96 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी, तय लक्ष्य का 179 फीसदी हासिल

छत्तीसगढ़ में 13.96 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी, तय लक्ष्य का 179 फीसदी हासिल

रायपुर, 23 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लखपति महिला पहल को बड़ी सफलता मिली है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ द्वारा संचालित इस पहल के तहत अब तक प्रदेश की 13.96 लाख ग्रामीण महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। यह संख्या भारत सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य की तुलना में 179 प्रतिशत है।

भारत सरकार ने वर्ष 2023-26 के लिए छत्तीसगढ़ में 7.82 लाख ग्रामीण महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया था। इसके मुकाबले अब तक 13.96 लाख महिलाओं को इस श्रेणी में लाकर आत्मनिर्भर बनाया गया है।

लखपति महिला पहल की राज्य स्तरीय स्टीयरिंग समिति की तृतीय बैठक मंगलवार को नवा रायपुर स्थित महानदी भवन में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में राज्य के 27 विभागों के अधिकारी शामिल हुए। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के मिशन संचालक अश्वनी देवांगन ने पहल के तहत संचालित गतिविधियों और अब तक की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की।

बैठक में विभिन्न विभागों के साथ अभिसरण के माध्यम से स्व-सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने और उन्हें स्थायी आजीविका के अवसरों से जोड़ने पर चर्चा हुई। महिलाओं को स्वरोजगार, आर्थिक गतिविधियों और स्थायी आजीविका के साधनों से जोड़कर उनकी वार्षिक आय में वृद्धि सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

लखपति महिला पहल का उद्देश्य ग्रामीण स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय में निरंतर वृद्धि करना और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। बैठक में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए इस अभियान को और गति देने पर विशेष जोर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *