Home / Chhattisgarh / छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी, 1.90 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत; ऐसे चेक करें अपना नाम

छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी, 1.90 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत; ऐसे चेक करें अपना नाम

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 11 नवंबर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (Special Summary Revision) के तहत 12 नवंबर 2026 को निर्वाचक नामावली का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों में मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। अब मतदाता ऑनलाइन वोटर हेल्पलाइन ऐप और आधिकारिक वोटर पोर्टल के माध्यम से सूची में अपना नाम चेक कर सकते हैं।

छत्तीसगढ़ में 1.90 करोड़ से अधिक मतदाता पंजीकृत

12 नवंबर को जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार छत्तीसगढ़ में कुल 1 करोड़ 90 लाख 16 हजार 768 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 94 लाख 84 हजार 635 पुरुष, 95 लाख 31 हजार 721 महिला और 412 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

मतदाता सूची की हार्ड और सॉफ्ट कॉपी सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है। इसके अलावा मतदान केंद्रवार सूची ऑनलाइन भी जारी की गई है।

प्रदेश में अब 26,854 मतदान केंद्र

मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश में मतदान केंद्रों की संख्या घटकर 26 हजार 854 हो गई है। पहले राज्य में कुल 27 हजार 196 मतदान केंद्र थे। इस प्रक्रिया के तहत 47 नए मतदान केंद्र बनाए गए, जबकि 389 मतदान केंद्रों को विलोपित किया गया है।

वर्तमान में प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में 5,876 और ग्रामीण क्षेत्रों में 20,978 मतदान केंद्र हैं।

ऐसे चेक करें मतदाता सूची में अपना नाम

मतदाता घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपना नाम चेक कर सकते हैं। इसके लिए वोटर हेल्पलाइन (Voter Helpline) मोबाइल ऐप या आधिकारिक वोटर पोर्टल का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर या टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल करके भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

नाम जुड़वाने और संशोधन के लिए भरें ये फॉर्म

यदि ड्राफ्ट मतदाता सूची में किसी नागरिक का नाम शामिल नहीं है या मतदाता के विवरण में कोई गलती है, तो निर्धारित फॉर्म के माध्यम से दावा और आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है।

  • फॉर्म-6: नए मतदाता के पंजीकरण के लिए। 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के साथ 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को पात्र होने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकते हैं।
  • फॉर्म-6A: प्रवासी भारतीय नागरिकों (NRI) के मतदाता पंजीकरण के लिए।
  • फॉर्म-7: मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए।
  • फॉर्म-8: मतदाता सूची में नाम या अन्य विवरणों में संशोधन, पता स्थानांतरण, नया EPIC कार्ड बनवाने और दिव्यांग मतदाता के रूप में चिन्हांकन के लिए।

मतदाता सूची पुनरीक्षण की महत्वपूर्ण तारीखें

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत दावा और आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 11 दिसंबर 2026 तक का समय दिया गया है। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावों और आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा।

  • ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन : 12 नवंबर 2026
  • दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की अंतिम तिथि : 11 दिसंबर 2026
  • दावों एवं आपत्तियों का निराकरण : 28 दिसंबर 2026 तक
  • अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन : 4 जनवरी 2027

प्रशासन ने प्रदेश के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण अवश्य जांच लें। यदि नाम छूट गया है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करें, ताकि आगामी चुनावों के लिए स्वच्छ, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *