Home / Chhattisgarh / Raigarh Crime News : 32 लीटर महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी जब्त

Raigarh Crime News : 32 लीटर महुआ शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी जब्त

ख़बर शेयर करें:

रायगढ़, 24 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ SP शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 32 लीटर अवैध महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3,200 रुपये की कच्ची महुआ शराब और परिवहन में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी जब्त की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2), 59(क) के तहत कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार, TI पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 23 अक्टूबर को तुमीडीह–सराईपाली मार्ग और जिंदल प्लांट के पीछे जमडबरी रोड पर कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक युवक स्कूटी से अवैध महुआ शराब का परिवहन कर रहा है। सूचना के आधार पर प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज कुमार देवांगन ने पुलिस टीम के साथ तुमीडीह–सराईपाली मार्ग पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजय साहू (24 वर्ष), पिता उसत राम साहू, निवासी सराईपाली, थाना पूंजीपथरा बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 500-500 एमएल के 20 पन्नी पाउच में भरी कुल 10 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब एक हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की स्कूटी क्रमांक CG 13 AH 5891 को भी जब्त कर लिया।

इसी तरह दूसरी कार्रवाई में पूंजीपथरा पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को सूचना मिली कि जिंदल प्लांट के पीछे जमडबरी रोड किनारे एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए रखे हुए है। सूचना मिलते ही प्रधान आरक्षक गजेंद्र प्रसाद पैंकरा ने आरक्षक कीर्तन यादव और आदिकंद प्रधान के साथ मौके पर दबिश दी। पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पूछताछ की, जिसकी पहचान राजेंद्र निषाद (38 वर्ष), पिता संतराम निषाद, निवासी सराईपाली, थाना पूंजीपथरा के रूप में हुई।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे में रखी सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी की तलाशी ली। इसमें 44 पन्नी पाउच में भरी कुल 22 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत लगभग 2,200 रुपये आंकी गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने शराब बिक्री के उद्देश्य से रखने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की।

पूंजीपथरा पुलिस की दोनों कार्रवाइयों में कुल 32 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त की गई है। कार्रवाई में TI निरीक्षक रामकिंकर यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक क्षितिज कुमार देवांगन, प्रधान आरक्षक गजेंद्र प्रसाद पैंकरा, आरक्षक नरेंद्र कुमार पैंकरा, सुरेंद्र यादव, कीर्तन यादव और आदिकंद प्रधान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए ऑपरेशन आघात के तहत लगातार कार्रवाई कर रही है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *