Home / Chhattisgarh / गंगरेल बांध के नौ गेट खुलने से बढ़ा महानदी का जलस्तर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में प्रशासन अलर्ट

गंगरेल बांध के नौ गेट खुलने से बढ़ा महानदी का जलस्तर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में प्रशासन अलर्ट

सारंगढ़-बिलाईगढ़, 13 सितंबर 2026। राज्य के सबसे बड़े गंगरेल बांध के नौ गेट खोले जाने के बाद महानदी के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। इसे देखते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला प्रशासन ने नदी किनारे बसे गांवों और संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है। कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने संबंधित अधिकारियों को जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर के निर्देश पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार, पुलिस विभाग, जल संसाधन विभाग और मैदानी अमला संभावित प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है। नदी किनारे बसे गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सावधान किया जा रहा है। लोगों से नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की गई है। प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि किसी भी क्षेत्र में जलस्तर बढ़ने या बाढ़ जैसी स्थिति बनने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएं।

जल संसाधन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कलमा बैराज में भी जलस्तर में वृद्धि दर्ज की गई है। शनिवार शाम 7 बजे कलमा बैराज का जलस्तर 193.550 मीटर दर्ज किया गया था। रविवार सुबह 7 बजे तक यह बढ़कर 194.700 मीटर पहुंच गया। हालांकि, फिलहाल बैराज का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। इसके बावजूद महानदी के जलस्तर में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए प्रशासन एहतियात बरत रहा है।

तहसीलदार सारंगढ़ एन.के. सिन्हा ने बताया कि जिले के संभावित प्रभावित क्षेत्रों में फिलहाल स्थिति सामान्य है। नदी किनारे बसे क्षेत्रों में ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए मुनादी कराई जा रही है। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे जलस्तर बढ़ने की स्थिति को देखते हुए नदी किनारे जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों से जलस्तर में होने वाले प्रत्येक बदलाव की नियमित जानकारी लेने और मैदानी क्षेत्रों से तत्काल रिपोर्ट प्राप्त करने को कहा है। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्य के लिए आवश्यक संसाधनों को तैयार रखने तथा जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन की ओर से नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, सतर्क रहें और किसी भी आपात स्थिति या जलस्तर में असामान्य वृद्धि की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दें।

गंगरेल बांध के गेट खुलने के बाद महानदी के जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए सारंगढ़-बिलाईगढ़ प्रशासन की निगरानी लगातार जारी है। फिलहाल जिले में बाढ़ की स्थिति सामान्य है, लेकिन प्रशासन ने संभावित परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *