जांजगीर-चांपा, 13 सितम्बर 2026 । जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र के नेगुरडीह गांव में शुक्रवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक बुजुर्ग किसान की मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर है।
जानकारी के अनुसार, नेगुरडीह निवासी 65 वर्षीय फिरत राम यादव अपनी पत्नी के साथ खेत में काम करने गए थे। उनकी पत्नी खाना बनाने के लिए घर लौट आई थीं, जबकि फिरत राम यादव खेत में ही निदाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान शुक्रवार 11 सितंबर की शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच अचानक मौसम में बदलाव हुआ और तेज बारिश के बीच खेत में आकाशीय बिजली गिर गई।
आकाशीय बिजली की चपेट में आने से फिरत राम यादव गंभीर रूप से झुलस गए। बताया जा रहा है कि हादसा इतना अचानक हुआ कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण खेत पहुंचे, जिसके बाद गांव में मातम का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने पर नवागढ़ पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। सहायक उप निरीक्षक रामकृष्ण आदित्य ने बताया कि आकाशीय बिजली की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत हुई है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई और जांच की जा रही है।







