Home / Chhattisgarh / कोरबा की 9 पहाड़ी कोरवा महिलाओं को मिले सोलर अम्बर चरखे, घर बैठे हर महीने होगी 5 से 6 हजार रुपये की अतिरिक्त कमाई

कोरबा की 9 पहाड़ी कोरवा महिलाओं को मिले सोलर अम्बर चरखे, घर बैठे हर महीने होगी 5 से 6 हजार रुपये की अतिरिक्त कमाई

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 17 नवम्बर 2026। विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए जिला प्रशासन और छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसके तहत ग्राम आछीमार की 9 पहाड़ी कोरवा महिला हितग्राहियों को सोलर ऊर्जा से संचालित अम्बर चरखे वितरित किए गए हैं। इस पहल से महिलाएं घर बैठे सूत कताई का काम कर प्रतिमाह 5 से 6 हजार रुपये तक की अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर सकेंगी।

सोमवार को जिला पंचायत कार्यालय में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार सिंह एवं उपाध्यक्ष निकिता जायसवाल ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन की उपस्थिति में महिलाओं को सोलर चलित किट सहित अम्बर चरखे प्रदान किए। इस दौरान खादी एवं ग्रामोद्योग के सहायक संचालक आशीष राठौर भी मौजूद रहे।

इस योजना के तहत छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा महिलाओं को सूत कताई के लिए कपास की पोनी (कॉटन रोविंग) उपलब्ध कराई जाएगी। महिलाएं अम्बर चरखे के माध्यम से सूत तैयार कर विभागीय उत्पादन केंद्रों में जमा करेंगी। तैयार सूत का भुगतान खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग द्वारा निर्धारित दर के अनुसार किया जाएगा। इससे प्रत्येक महिला को प्रतिमाह लगभग 5 से 6 हजार रुपये की अतिरिक्त आय मिलने की संभावना है।

दरअसल, छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा रायपुर जिले के धरसींवा स्थित कुंवरगढ़ विभागीय खादी उत्पादन केंद्र में कारीगर प्रशिक्षण कार्यक्रम योजना के तहत प्रदेश की 30 विशेष पिछड़ी जनजाति वर्ग की महिलाओं को अम्बर चरखे से सूत कताई का प्रशिक्षण दिया गया था। यह प्रशिक्षण 17 सितंबर 2026 से शुरू हुआ था, जिसका समापन गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को हुआ। प्रशिक्षित महिलाओं में कोरबा जिले की 9 पहाड़ी कोरवा महिलाएं भी शामिल थीं।

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इन महिलाओं को सोलर चलित अम्बर चरखे उपलब्ध कराए गए हैं। विभागीय उत्पादन केंद्रों से जोड़कर उन्हें गांव में ही कच्चा माल उपलब्ध कराया जाएगा और तैयार सूत का संग्रहण किया जाएगा। इससे महिलाओं को रोजगार के लिए घर से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वे अपने घरेलू कार्यों के साथ सुविधानुसार सूत कताई कर अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर सकेंगी।

जिला प्रशासन की यह पहल पहाड़ी कोरवा महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, उनके कौशल का उपयोग करने और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने की दिशा में अहम कदम है। साथ ही सौर ऊर्जा से संचालित अम्बर चरखे ग्रामीण क्षेत्रों में खादी उत्पादन को भी बढ़ावा देंगे।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *