Home / Chhattisgarh / केवी-2 एनटीपीसी कोरबा की वीएमसी बैठक में विद्यालय विकास और विद्यार्थियों की सुरक्षा पर चर्चा

केवी-2 एनटीपीसी कोरबा की वीएमसी बैठक में विद्यालय विकास और विद्यार्थियों की सुरक्षा पर चर्चा

कोरबा। एनटीपीसी कोरबा के प्रशासनिक भवन में सोमवार को केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी कोरबा की विद्यालय प्रबंधन समिति (वीएमसी) की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एनटीपीसी कोरबा के परियोजना प्रमुख (एचओपी) एवं विद्यालय प्रबंधन समिति के चेयरमैन केसी पात्रा ने की। बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, आगामी परीक्षाओं की तैयारियों, भवन रखरखाव, विद्यार्थियों की सुरक्षा और प्रयोगशालाओं में आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के लिए अनुमति मिलने के बाद विद्यालय के प्राचार्य एसके साहू ने प्रस्तावित एजेंडों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों एवं स्वीकृत कार्यों की प्रगति से समिति के सदस्यों को अवगत कराया। बैठक की शुरुआत में प्राचार्य एसके साहू ने पुष्पगुच्छ भेंट कर चेयरमैन केसी पात्रा का स्वागत किया। इसके बाद एनटीपीसी के अधिकारियों, समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत किया गया।

बैठक में कुल सात एजेंडे रखे गए। शिक्षा सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम एवं केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-2 एनटीपीसी कोरबा की विभिन्न उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया गया। साथ ही आगामी शिक्षा सत्र 2026-27 में होने वाली परीक्षाओं में विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना पर चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने को लेकर सुझाव दिए।

इस दौरान 19 मार्च को आयोजित पिछली वीएमसी बैठक में लिए गए निर्णयों और उनके क्रियान्वयन की समीक्षा भी की गई। विद्यालय भवन के रखरखाव से जुड़े कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरों की सुविधा बढ़ाने का मुद्दा भी बैठक में रखा गया। इसके अलावा प्रयोगशालाओं के लिए कंप्यूटर एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता पर भी विचार-विमर्श किया गया। पालक सदस्यों से भी सुझाव लिए गए।

बैठक में अतुल श्रीराम पाटेल, डिंपल वासन, विकास पांडेय, लता पटेल, प्रतिभा अर्चना दास, घनश्याम प्रसाद नवरंग, मालाश्री बल्हाल, शशि शेखर, एल. गौतम, राजकुमार गुप्ता, नितीश कुमार, मनोज कुमार रजक, अनुराग खरे और बिजयानी नायक सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *