रायपुर, 03 अक्टूबर 2026:- कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ की फिरौती और जान से मारने की धमकी मामले में पुलिस की बड़ी चूक सामने आई है। आरोपी शोएब ढेबर तक गिरफ्तारी की गोपनीय सूचना लीक करने के आरोप में क्राइम DCP स्मृतिक राजनाला ने दो आरक्षकों को लाइन अटैच कर दिया है।
हालांकि आधिकारिक तौर पर इसे “कार्य में लापरवाही” बताया जा रहा है, लेकिन अंदरखाने की खबर है कि इन आरक्षकों ने ही शोएब को पुलिस रेड की जानकारी लीक की।
लाइन अटैच हुए आरक्षक – शिवम द्विवेदी और राहुल सिंह गौतम।
सूत्रों के मुताबिक पुलिस टीम ने शोएब की दोबारा गिरफ्तारी के लिए कोर्ट से अनुमति लेकर आधा दर्जन ठिकानों पर दबिश दी। खम्हारडीह स्थित उसके घर पर पुख्ता इनपुट था, लेकिन पुलिस के पहुंचने से ठीक पहले शोएब फरार हो चुका था। हर ठिकाने पर पुलिस को बैरंग लौटना पड़ा, जिससे सूचना लीक होने का शक गहराया। अब पुलिस को आशंका है कि शोएब दूसरे राज्य भाग गया है। उसके संभावित ठिकानों और संपर्कों पर सर्विलांस बढ़ा दिया गया है।







