Home / Chhattisgarh / अमित जोगी गिरफ्तारी देने पहुंचे सिविल लाइन थाना, भाजपा विधायक राजेश मूणत की शिकायत पर दर्ज हुई थी FIR

अमित जोगी गिरफ्तारी देने पहुंचे सिविल लाइन थाना, भाजपा विधायक राजेश मूणत की शिकायत पर दर्ज हुई थी FIR

ख़बर शेयर करें:

रायपुर, 17 नवम्बर 2026। छत्तीसगढ़ की राजनीति में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर बनाए गए कथित आपत्तिजनक वीडियो का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी मंगलवार को अपनी गिरफ्तारी देने रायपुर के सिविल लाइन थाने पहुंच गए। भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत की शिकायत पर उनके खिलाफ पुलिस ने FIR दर्ज की थी।

दरअसल, अमित जोगी ने हाल ही में ‘वोट चोरी’ के मुद्दे पर एक वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया था। वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के किरदारों को जिस तरह प्रस्तुत किया गया, उसे लेकर विवाद शुरू हो गया। भाजपा विधायक राजेश मूणत ने इस वीडियो पर आपत्ति जताते हुए सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।

राजेश मूणत ने जताई थी आपत्ति

FIR दर्ज कराने के बाद राजेश मूणत ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त जैसे संवैधानिक पदों पर बैठे व्यक्तियों को लेकर इस तरह का वीडियो बनाना निंदनीय है। उन्होंने कहा था कि राजनीति में सिद्धांतों और विचारों की लड़ाई होनी चाहिए। अपनी बात रखने का एक तरीका होता है, लेकिन इस तरह की प्रस्तुति स्वीकार नहीं की जा सकती।

विवाद के बाद वीडियो डिलीट कर मांग चुके हैं माफी

वीडियो को लेकर विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट डिलीट कर दी थी। साथ ही उन्होंने माफी मांगते हुए एक दूसरी पोस्ट भी साझा की थी। अब FIR दर्ज होने के बाद अमित जोगी खुद गिरफ्तारी देने सिविल लाइन थाने पहुंचे हैं। इस घटनाक्रम ने प्रदेश की सियासत में एक बार फिर हलचल बढ़ा दी है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *