Home / Chhattisgarh / अतिक्रमण और अव्यवस्थाओं से सिमट रहा ट्रांसपोर्टनगर बस स्टैंड, अस्पताल की पार्किंग ने बढ़ाई परेशानी

अतिक्रमण और अव्यवस्थाओं से सिमट रहा ट्रांसपोर्टनगर बस स्टैंड, अस्पताल की पार्किंग ने बढ़ाई परेशानी

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 25 नवंबर 2026। कोरबा शहर के ट्रांसपोर्टनगर स्थित नया बस स्टैंड इन दिनों अतिक्रमण और अव्यवस्थाओं के कारण अपनी पहचान खोता जा रहा है। यात्रियों की सुविधा और बसों के व्यवस्थित संचालन के लिए बनाए गए इस परिसर में अब बसों के खड़े होने और उनके आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है। हल्के मालवाहक वाहनों के अघोषित स्टैंड, कंडम बसों की मौजूदगी और ठेले-गुमटियों के कब्जे ने पहले ही बस स्टैंड की व्यवस्था को प्रभावित कर रखा है। वहीं, अब लालूराम कॉलोनी की ओर स्थित 100 बिस्तरों वाले निजी अस्पताल का प्रवेश द्वार भी बस स्टैंड परिसर की तरफ खोल दिए जाने से मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल प्रबंधन ने अपने प्रवेश द्वार के सामने बैरिकेड्स लगाकर मरीजों और उनके परिजनों के वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था कर दी है। इसके चलते बस स्टैंड के भीतर उपलब्ध स्थान और सीमित हो गया है। स्थिति यह है कि यात्री बसों को मोड़ने, खड़ा करने तथा यात्रियों को चढ़ाने-उतारने में बस संचालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल का मुख्य प्रवेश द्वार बस स्टैंड के व्यस्त मार्ग की ओर होने से मरीजों के वाहनों और यात्री बसों की आवाजाही एक ही स्थान पर होने लगी है। इससे दिनभर जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।

बस मालिक संघ के ब्रजेश त्रिपाठी के अनुसार, बस स्टैंड में संचालित होने वाली बसों की संख्या अधिक है, लेकिन उनके व्यवस्थित ठहराव के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं है। व्यस्त समय में यात्रियों को चढ़ाने और उतारने के लिए सीमित स्थान मिलने के कारण वाहनों की कतार लग जाती है। कई बार जाम के चलते बसों को निर्धारित समय से देरी से रवाना करना पड़ता है, जिससे यात्रियों को भी असुविधा होती है।

बस ऑपरेटरों का कहना है कि बस स्टैंड में बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थाओं को लेकर कई बार प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उनका मानना है कि यदि समय रहते अतिक्रमण हटाकर बसों के आवागमन और पार्किंग के लिए पर्याप्त जगह सुनिश्चित नहीं की गई तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है। ऐसे में प्रशासन से बस स्टैंड परिसर का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने, पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने और यातायात सुचारु बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की जा रही है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *