डायन होने के शक में वृद्ध महिला की हत्‍या कर निकाली दोनों आंखे….फिर….

डायन होने के शक में वृद्ध महिला की हत्‍या कर निकाली दोनों आंखे….फिर….

June 16, 2023 Off By NN Express

जिले में अंधविश्‍वास के नाम पर वृद्ध महिला की निर्मम हत्‍या करने का मामला सामने आया है।  सदर थाना क्षेत्र के कागजी मोहल्ले में डायन होने के शक में 65 वर्षीया लकीया देवी की निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई और उसकी दोनों आंखे निकाल ली गई। महिला के बदन पर कपड़े भी नहीं थे।

पुलिस ने बरामद किया शव

महिला के घर में घुसकर अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया। बेटे की सूचना पर पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है। 

पुत्र यमुना दास ने बताया कि वह दिव्यांग होने के कारण बैदराबाद में जूता सिलाई का काम करता है। घर में मां अकेली रहती थी। पड़ोसी शमशाद खान और नौशाद खान दोनों भाई उसकी मां को अक्सर डायन कहकर प्रताड़ित करते थे। हत्या करने की धमकी देते थे।

बेटे का आरोप- पड़ोसी ने कब्जाई थी जमीन

दरअसल, पड़ोसी के परिवारवालों को कुछ बीमारी थी, उसी को लेकर मां पर शक करते थे। कुछ दिन पूर्व आरोपितों ने उनकी जमीन पर अवैध कब्जा जमा लिया था, जिसका विरोध करने पर मां के साथ गाली-गलौज व मारपीट की थी।

बुधवार को वह ससुराल में एक शादी समारोह में शामिल होने पालीगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव में गया था। घर में मां अकेली थी। शुक्रवार को घर लौटा तो मां का शव देखा। क्रूरतापूर्वक उसकी हत्या की गई थी, उसकी दोनों आंखें निकाल ली गई थी और शरीर नग्न अवस्था में पड़ा हुआ था। गले में सोने की जीतिया भी नहीं थी।

तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम हाउस भेजा। घटना को लेकर सदर थाने में दोनों पड़ोसियों के खिलाफ प्राथमिकी के लिए आवेदन दिया है।

घटना के बाद सभी आरोपित घर छोड़कर फरार है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। वहीं, थानाध्‍यक्ष अवधेश कुमार ने बताया क‍ि मृतका के बेटे ने आवेदन दिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।