कोरबा,21 सितम्बर 2026। कोरबा जिले के लेमरू वन परिक्षेत्र के छातीबहार गांव में गुफा देखने गए दो सगे भाइयों पर भालू ने हमला कर दिया। हमले में दोनों बच्चे घायल हो गए। छोटे भाई पर भालू को हमला करते देख बड़े भाई ने साहस दिखाते हुए पत्थर से भालू पर वार किया और उसे दूर भगाकर भाई की जान बचाई। इस दौरान बच्चों को गुफा दिखाने साथ ले गए तीन युवक मौके से भाग निकले। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, कोरबा शहर से तीन युवक घूमने के लिए छातीबहार पहुंचे थे। उन्होंने गांव में घूम रहे 10 और 7 वर्षीय दो सगे भाइयों को गुफा और पहाड़ दिखाने साथ चलने के लिए कहा। बच्चों के मना करने पर उन्हें पैसे देने का लालच दिया गया। इसके बाद दोनों भाइयों को काली कार में बैठाकर युवक जंगल की ओर ले गए।
गुफा के पास पहुंचने के बाद सभी कार से उतरकर पैदल आगे बढ़े। दोनों बच्चे आगे चल रहे थे और तीनों युवक पीछे थे। इसी दौरान गुफा के पास मौजूद भालू ने अचानक सात वर्षीय सोनू पर हमला कर दिया। भाई को खतरे में देखकर 10 वर्षीय मुकेश ने हिम्मत जुटाई और पत्थर से भालू पर वार कर दिया। उसके प्रतिरोध के बाद भालू पीछे हट गया। हमले में दोनों भाई घायल हो गए।
घटना के दौरान तीनों युवक बच्चों की मदद करने के बजाय वहां से भाग निकले। ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे फरार हो गए। इससे नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने युवकों की कार में तोड़फोड़ कर दी।
परिजन दोनों घायल बच्चों को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा लेकर पहुंचे। सात वर्षीय सोनू की हालत गंभीर बताई गई है और उसे बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है। मुकेश का भी उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही लेमरू डिप्टी रेंजर श्रवण कुमार वन अमले के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया है और घायल बच्चों के परिजनों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।







