Home / Chhattisgarh / NH-30 की बदहाली देख रुका डिप्टी CM विजय शर्मा का काफिला, अधिकारियों को तत्काल मरम्मत के निर्देश

NH-30 की बदहाली देख रुका डिप्टी CM विजय शर्मा का काफिला, अधिकारियों को तत्काल मरम्मत के निर्देश

कवर्धा, 13 सितम्बर 2026। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नेशनल हाईवे-30 की बदहाल स्थिति सामने आने पर उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने मौके पर रुककर सड़क का निरीक्षण किया। रायपुर-जबलपुर मार्ग पर जगह-जगह जलभराव, जर्जर सड़क और वाहनों की लंबी कतार देखकर उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मौके की स्थिति की जानकारी ली और सड़क की तत्काल मरम्मत तथा आवश्यक यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पिछले दो दिनों से कवर्धा सहित आसपास के क्षेत्रों में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण NH-30 पर कई स्थानों पर पानी जमा हो गया है। सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्सों में जलभराव होने से वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के बीच सड़क की स्थिति खराब होने और हाईवे पर बड़े वाहनों की लंबी कतार लगने से यातायात प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटना की आशंका भी बढ़ गई है।

इसी दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का काफिला रायपुर-जबलपुर मार्ग से गुजर रहा था। हाईवे की स्थिति देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवाया और खुद मौके पर उतरकर सड़क का जायजा लिया। उन्होंने जलभराव वाले स्थानों, जर्जर हिस्सों और यातायात की स्थिति का निरीक्षण किया। मौके पर मौजूद अधिकारियों से उन्होंने सड़क की मौजूदा स्थिति और मरम्मत से संबंधित जानकारी भी ली।

निरीक्षण के दौरान विजय शर्मा ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि बारिश के कारण सड़क पर उत्पन्न समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। जलभराव वाले स्थानों पर आवश्यक व्यवस्था करने के साथ ही क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए, ताकि वाहन चालकों को परेशानी न हो और यातायात सुचारु बना रहे।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि हाईवे पर बारिश के दौरान किसी तरह की दुर्घटना की स्थिति निर्मित न हो। सड़क की निगरानी और आवश्यक सुधार कार्यों में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए। विजय शर्मा के अचानक सड़क पर रुककर स्थिति का जायजा लेने और तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए जाने से प्रशासनिक अमले में भी सक्रियता बढ़ी है।

लगातार बारिश के बीच NH-30 की स्थिति वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ऐसे में सड़क की तत्काल मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था होने से रायपुर-जबलपुर मार्ग पर आवागमन को राहत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *