Home / Chhattisgarh / Durg Crime Breaking : ऑनलाइन सट्टा का भंडाफोड़, ‘रेड्डी अन्ना 108’ एप से सट्टा खिलाते 4 आरोपी गिरफ्तार; 17 मोबाइल और 2 लैपटॉप जब्त

Durg Crime Breaking : ऑनलाइन सट्टा का भंडाफोड़, ‘रेड्डी अन्ना 108’ एप से सट्टा खिलाते 4 आरोपी गिरफ्तार; 17 मोबाइल और 2 लैपटॉप जब्त

ख़बर शेयर करें:

दुर्ग, 07 नवंबर 2026 । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ‘रेड्डी अन्ना 108’ ऑनलाइन सट्टा एप्लीकेशन और पैनल के माध्यम से सट्टा संचालित कर रहे थे। पुलिस ने मौके से 2 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 15 एटीएम कार्ड और 90 हजार रुपये नकद सहित अन्य सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को खुर्सीपार थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गुरुदयाल सिंह के यार्ड में टाटा सर्विस सेंटर के पास एक कमरे में कुछ लोग लैपटॉप और मोबाइल के जरिए ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापेमारी कर चार आरोपियों को पकड़ लिया।

प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी ‘रेड्डी अन्ना 108’ एप्लीकेशन और पैनल के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालित करते थे। सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए अलग-अलग व्यक्तियों के बैंक खातों और एटीएम कार्ड का इस्तेमाल किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, संबंधित खाताधारकों को इसके बदले कमीशन या निर्धारित राशि दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित तिवारी (21 वर्ष), विकास कुमार साहू (24 वर्ष), शुभम कुमार पाल (21 वर्ष) और यशमीत सिंह (19 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरोपी खुर्सीपार क्षेत्र के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ खुर्सीपार थाने में अपराध क्रमांक 510/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 6, 7 और 8 तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है।

दुर्ग पुलिस अब इस सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, बैंक खातों, डिजिटल साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि कमीशन या आर्थिक लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड अथवा ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति को न दें। ऑनलाइन सट्टा और संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *