Home / Chhattisgarh / Korba Crime: अडानी पावर प्लांट से 30 मीटर कॉपर केबल चोरी, आरोपी गिरफ्तार; ₹30 हजार का माल बरामद

Korba Crime: अडानी पावर प्लांट से 30 मीटर कॉपर केबल चोरी, आरोपी गिरफ्तार; ₹30 हजार का माल बरामद

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 25 नवंबर 2026। जिले के उरगा थाना क्षेत्र में स्थित अड़ानी पावर प्लांट से कॉपर केबल चोरी करने के मामले में उरगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 30 मीटर कॉपर केबल बरामद की है, जिसकी कीमत लगभग 30 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 नवंबर 2026 की सुबह करीब 6 बजे अड़ानी पावर प्लांट के सिक्योरिटी ऑफिसर नंद किशोर ने आरोपी अजीत कुमार टण्डन को प्लांट परिसर से कॉपर केबल चोरी कर ले जाने का प्रयास करते हुए पकड़ लिया। इसके बाद उन्होंने थाना उरगा में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 660/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना उरगा पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा तैयार किया और प्रार्थी सहित गवाहों के बयान दर्ज किए। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी के केबल को अड़ानी पावर प्लांट की बाउंड्रीवॉल के पास छिपाकर रखना बताया। उसकी निशानदेही पर वहां रखे काले रंग के बैग से करीब 30 मीटर कॉपर केबल बरामद कर जब्त की गई।

पुलिस ने आरोपी अजीत कुमार टण्डन (40 वर्ष), पिता समार साय टण्डन, निवासी रेलवे क्रॉसिंग, भैंसमा रोड, थाना उरगा, जिला कोरबा को 25 नवंबर को शाम 4:10 बजे गिरफ्तार किया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों और औद्योगिक संस्थानों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *