Home / Chhattisgarh / Korba Breaking : सुमेधा डैम में डूबे 15 वर्षीय नरेश साहू का शव बरामद, परिवार में पसरा मातम

Korba Breaking : सुमेधा डैम में डूबे 15 वर्षीय नरेश साहू का शव बरामद, परिवार में पसरा मातम

ख़बर शेयर करें:

कोरबा, 10 अक्टूबर 2026। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया 15 वर्षीय किशोर नरेश साहू बांकी मोगरा थाना क्षेत्र के सुमेधा स्थित डैम में नहाने के दौरान डूब गया। घटना के बाद से लापता किशोर का शव शनिवार सुबह पुलिस और गोताखोरों की मदद से बरामद किया गया। शव मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया है। इस घटना से क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दर्री थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी निवासी चार बच्चे पिकनिक मनाने के लिए सुमेधा डैम पहुंचे थे। पिकनिक के दौरान सभी बच्चे डैम के पानी में नहाने के लिए उतर गए। इसी दौरान नरेश साहू गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ गए तीन बच्चे किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन नरेश पानी से बाहर नहीं आ सका। काफी देर तक जब वह दिखाई नहीं दिया, तो उसके साथियों ने उसकी तलाश शुरू की।

स्थानीय स्तर पर काफी खोजबीन करने के बावजूद नरेश का कोई पता नहीं चलने पर परिजनों और पुलिस को घटना की सूचना दी गई। इसके बाद डैम में उसकी तलाश शुरू की गई। रविवार देर शाम तक खोजबीन जारी रही, लेकिन अंधेरा होने और कोई सुराग नहीं मिलने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। किशोर के लापता होने की खबर से परिजन चिंतित रहे और उसकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे थे।

शनिवार सुबह पुलिस और गोताखोरों की टीम ने दोबारा डैम में तलाशी अभियान चलाया। काफी प्रयासों के बाद नरेश का शव बरामद कर लिया गया। मृतक की पहचान दर्री थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी निवासी फिरतू राम साहू के पुत्र नरेश साहू के रूप में हुई है।

पुलिस ने शव बरामद करने के बाद पंचनामा कार्रवाई पूरी की और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आगे की जांच की जा रही है। महज पिकनिक मनाने निकले किशोर की इस तरह मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना ने एक बार फिर डैम और जलाशयों में नहाने के दौरान बरती जाने वाली सावधानी की आवश्यकता को रेखांकित किया है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *