मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में स्कूल के अंदर गोली चलाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कस्बे के श्री कुंद-कुंद जैन इंटर कॉलेज में गुरुवार को 12वीं कक्षा के एक छात्र ने कथित तौर पर पुराने विवाद का बदला लेने के लिए 10वीं कक्षा के छात्र पर तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज से कक्षा में मौजूद छात्रों में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि फायरिंग में 10वीं का छात्र बाल-बाल बच गया।
जानकारी के अनुसार, जानसठ रोड स्थित इंटर कॉलेज में 12वीं कक्षा का छात्र फीस जमा कराने के बहाने कॉलेज पहुंचा था। उसके पास तमंचा और कारतूस होने की जानकारी किसी को नहीं थी। कॉलेज में प्रवेश करने के बाद वह 10वीं कक्षा की क्लास में पहुंचा और वहां मौजूद एक छात्र को निशाना बनाकर गोली चला दी। अचानक कक्षा में फायरिंग होने से छात्र सहम गए और अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर प्रधानाचार्य अनुराग जैन और शिक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी छात्र को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने प्रधानाचार्य पर भी तमंचा तान दिया। बताया गया कि छात्र ने प्रधानाचार्य से कहा कि उसका उनसे कोई विवाद नहीं है। उसके मुताबिक, दो दिन पहले 10वीं कक्षा के छात्र और उसके साथियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए डंडे से मारपीट की थी। इसी घटना का बदला लेने के लिए वह तमंचा लेकर आया था।
प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने स्थिति को संभालते हुए छात्र को बातचीत में उलझाया और मौका पाकर उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। दारोगा चरन सिंह, मनीष कुमार, कांस्टेबल धीरेंद्र सिंह और प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे और आरोपी छात्र को थाने ले गए। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद किए हैं।
प्रधानाचार्य ने बताया कि आरोपी छात्र फीस जमा कराने की बात कहकर कॉलेज में आया था, इसलिए शुरुआत में किसी को उस पर शक नहीं हुआ। छात्रों के कॉलेज में प्रवेश करने के बाद मुख्यद्वार बंद कर दिया जाता है। इसी वजह से आरोपी छात्र को घटना के बाद भागने का मौका नहीं मिल सका और उसे कॉलेज परिसर में ही पकड़ लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी छात्र और 10वीं के छात्र के बीच पहले भी विवाद हुआ था। दो दिन पहले हुई मारपीट के बाद विवाद और बढ़ गया था। पुलिस का कहना है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी छात्र ने तमंचा लेकर स्कूल पहुंचकर फायरिंग की। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग छात्र के पास तमंचा और कारतूस कहां से आए।
खतौली इंस्पेक्टर दिनेश चंद बघेल ने बताया कि कॉलेज में तमंचे से फायरिंग करने वाले बाल अपचारी छात्र को पकड़ लिया गया है। उसके पास से 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं। मामले में अभियोग पंजीकृत किया गया है और हथियार मिलने के स्रोत की भी जांच की जा रही है।







