Home / Chhattisgarh / गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, रेत-पत्थर से भरे 6 ट्रैक्टर जब्त

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में अवैध खनिज परिवहन पर कार्रवाई, रेत-पत्थर से भरे 6 ट्रैक्टर जब्त

ख़बर शेयर करें:

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 2 अक्टूबर 2026। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर विजय दयाराम के. के निर्देश पर विभागीय उड़नदस्ता दल ने विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाकर रेत और पत्थर से भरे 6 ट्रैक्टर वाहनों को जब्त किया है।

खनिज विभाग की टीम ने बस्ती-बगरा क्षेत्र में रेत का अवैध परिवहन करते हुए 4 ट्रैक्टरों को पकड़ा। जब्त वाहनों को सुरक्षार्थ कोडगार चौकी में रखा गया है। वहीं सारबहरा क्षेत्र में पत्थर से भरे एक ट्रैक्टर और अंडी क्षेत्र में रेत से भरे एक अन्य ट्रैक्टर को जब्त किया गया। दोनों वाहनों को सुरक्षार्थ अमरपुर पुलिस लाइन में रखा गया है।

विभाग के अनुसार सभी मामलों में संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रकरणों में निर्धारित अर्थदंड या समझौता राशि खनिज मद में जमा होने के बाद नियमों के तहत वाहनों को मुक्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर विजय दयाराम के. ने खनिज विभाग के अधिकारियों को जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने क्षेत्र में नियमित जांच के साथ अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।

इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को भी गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने उनकी गुणवत्तापूर्ण जांच और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई से जिले में अवैध रेत और पत्थर परिवहन करने वालों पर शिकंजा कसता नजर आ रहा है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *