Home / Chhattisgarh / केंद्रीय जेल रायपुर में औचक छापा, 50 जवानों ने चार घंटे खंगाली बैरकें

केंद्रीय जेल रायपुर में औचक छापा, 50 जवानों ने चार घंटे खंगाली बैरकें

ख़बर शेयर करें:

– डीसीपी क्राइम, डीसीपी सेंट्रल जोन और एडीएम के नेतृत्व में चला सघन तलाशी अभियान

रायपुर, 3 अक्टूबर 2026। केंद्रीय जेल रायपुर में शनिवार को पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने अचानक सघन तलाशी अभियान चलाया। करीब चार घंटे तक चले इस औचक निरीक्षण में 50 से अधिक पुलिस जवानों और अधिकारियों ने जेल की विभिन्न बैरकों को खंगाला। हालांकि तलाशी के दौरान कोई विशेष प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।

यह कार्रवाई डीसीपी क्राइम आईपीएस स्मृतिक राजनाला, डीसीपी सेंट्रल जोन तारकेश्वर पटेल और एडीएम उमाशंकर बांधे के नेतृत्व में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक की गई। अभियान में क्राइम ब्रांच/एसीसीयू के साथ सेंट्रल जोन के विभिन्न थानों की पुलिस टीम भी शामिल रही।

अलग-अलग टीमों ने एक साथ की जांच

जेल परिसर में पहुंचते ही पुलिस टीमों को अलग-अलग समूहों में बांटकर विभिन्न बैरकों की समानांतर तलाशी शुरू कराई गई। टीमों ने कैदियों के सामान, बैरकों और आसपास के चिन्हित स्थानों की बारीकी से जांच की।

अभियान की निगरानी अतिरिक्त डीसीपी सेंट्रल जोन विवेक शुक्ला, अतिरिक्त डीसीपी एसीसीयू गौरव मंडल, एसीपी कोतवाली दीपक मिश्रा और प्रशिक्षु डीएसपी अमित कोसमा ने की।

महिला बैरक में भी विशेष जांच

तलाशी अभियान के दौरान महिला बैरक के लिए अलग टीम गठित की गई। महिला बैरक समेत जेल के अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा मानकों के अनुसार सघन जांच की गई।

नहीं मिली कोई बड़ी आपत्तिजनक सामग्री

पुलिस के मुताबिक, तलाशी के दौरान कोई विशेष प्रतिबंधित अथवा आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। अधिकारियों ने जेल प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक सतर्कता बरतने और लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

पुलिस और प्रशासन का कहना है कि, इस तरह के औचक निरीक्षण का उद्देश्य जेल की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत करना और प्रतिबंधित सामग्री के संभावित प्रवेश एवं उपयोग को रोकना है। अधिकारियों के अचानक पहुंचने से जेल परिसर में कई घंटे तक व्यापक स्तर पर सुरक्षा जांच चली।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *