- कलेक्टर कुणाल दुदावत ने एसडीएम और तहसीलदारों को दिए निर्देश, पात्र किसानों को धान बेचने में नहीं होगी परेशानी
कोरबा, 25 नवंबर। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। धान खरीदी के लिए दर्ज फसल संबंधी दावों और आपत्तियों का अब भौतिक सत्यापन किया जाएगा। इस संबंध में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले के सभी एसडीएम और तहसीलदारों को खसरा एवं फसल प्रविष्टि से जुड़े प्रकरणों की जांच कर निर्धारित समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि सत्यापन का उद्देश्य पात्र किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी से बचाना और राजस्व अभिलेखों में वास्तविक फसल की स्थिति दर्ज करना है।
प्रशासन के अनुसार, जिन किसानों के खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं, लेकिन खसरा मंडल में प्रदर्शित नहीं हो रहे हैं, उनकी मैपिंग के लिए संबंधित समितियों की आईडी में ‘एग्रीस्टेक से धान खरीदी हेतु भूमि विवरण सिंक करें’ विकल्प उपलब्ध कराया गया है। एसडीएम और तहसीलदारों को ऐसे मामलों की निगरानी कर समितियों के माध्यम से निराकरण कराने के निर्देश दिए गए हैं। खसरा मैपिंग की अंतिम समयसीमा 15 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है।
वहीं, डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) में दूसरी फसल दर्ज होने के बावजूद धान बोने का दावा करने वाले किसानों के खसरों का तहसीलदारों के माध्यम से विस्तृत भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। इसके अलावा DCS और पटवारी सत्यापन ऐप दोनों में फसल प्रविष्टि के लिए उपलब्ध नहीं होने के कारण जिन खसरों का सत्यापन नहीं हो पाया है, उनका भी परीक्षण किया जाएगा।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने तहसीलदारों को निर्देशित किया है कि सत्यापन के दौरान राजस्व अभिलेखों का मिलान करने के साथ मौके पर पहुंचकर वास्तविक फसल और उसके रकबे की जांच की जाए। फसल की स्थिति प्रमाणित करने के लिए स्थल के फोटो भी संलग्न किए जाएं।
सत्यापन के बाद सही एवं अद्यतन जानकारी निर्धारित प्रारूप में तैयार कर फसल प्रविष्टि अथवा संशोधन की अग्रिम कार्रवाई के लिए 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने अधिकारियों को पूरी प्रक्रिया समयसीमा में पूर्ण करने के लिए कहा है, ताकि धान खरीदी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।







