छत्तीसगढ़: घने कोहरे की वजह से अनियंत्रित होकर कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, कांग्रेस पार्षद की मौत

छत्तीसगढ़: घने कोहरे की वजह से अनियंत्रित होकर कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई, कांग्रेस पार्षद की मौत

December 31, 2023 Off By NN Express

बिश्रामपुर,31 दिसम्बर । रविवार तड़के बगीचा थाना क्षेत्र के बिमडा गांव के समीप घने कोहरे की वजह से अनियंत्रित कार के सड़क किनारे पेड़ से टकरा जाने के कारण कार चला रहे नगर पंचायत बिश्रामपुर के पार्षद व कांग्रेस नेता गंगा प्रसाद रवि की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं कार सवार उनकी पत्नी, पुत्र व अन्य दो युवक घायल हो गए। मृतक अपने बड़े पुत्र का उपचार कराने बगीचा क्षेत्र जा रहे थे। कांग्रेस नेता की मौत की खबर से नगर में शोक का माहौल निर्मित हो गया।

बता दें कि घने कोहरे की वजह से सड़क दुर्घटना में मृत गंगा प्रसाद रवि पिता लोकनाथ रवि 45 वर्ष नगर पंचायत बिश्रामपुर के वार्ड क्रमांक चार के पार्षद होने के साथ ही कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव व रविदास समाज जन कल्याण समिति के संभागीय उपाध्यक्ष भी थे। वे इससे पूर्व भी विभिन्न वार्डो से तीन बार पार्षद रह चुके थे। उनके पिता एसईसीएल के सेवानिवृत्त कर्मचारी है। मृतक गंगा के तीन पुत्र व एक पुत्री है और सभी अविवाहित हैं।


बताया गया कि उनके ज्येष्ठ पुत्र अभय रवि की मानसिक स्वास्थ्य ठीक नही होने के कारण वे बगीचा क्षेत्र में उसका झाड़फूंक के जरिए इलाज करा रहे थे। शनिवार रात 12 बजे वे अपनी कार क्रमांक सीजी 29 ए 3202 से अपनी पत्नी फुलकुंवर, पुत्र अभय रवि, बहनोई अरुण सोनवानी निवासी ग्राम सतपता और विनीत रवि निवासी ग्राम तेलईकछार के साथ अपने पुत्र का झाड़फूंक कराने जशपुर जिले के बगीचा क्षेत्र जाने के लिए निकले थे। कार वे स्वयं चला रहे थे। रविवार तड़के बगीचा से पहले बिमडा गांव के पास घने कोहरे की वजह से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

सड़क दुर्घटना में बुरी तरह जख्मी पार्षद गंगा रवि की दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई। दुर्घटना में घायल चार लोगों को बगीचा पुलिस ने तत्काल शासकीय चिकित्सालय ले जाकर उनका प्राथमिक उपचार कराया। उसके बाद सभी घायलों को मेडिकल कालेज अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। जिनका उपचार जारी है। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मृतक पार्षद की पत्नी फुलकुंवर का बायां हाथ व पुत्र अभय का दायां पैर फ्रेक्चर हो गया है। अरुण सोनवानी के चेहरे में गंभीर चोटें आई है। विनीत को भी अंदरूनी चोटें आई है। सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है।

घर में मचा कोहराम, लोगों की जुटी भीड़-

पार्षद गंगा रवि की सड़क हादसे मेंं मौत की खबर मिलते ही नगर आरटीआई कालोनी स्थित उनके आवास में कोहराम मच गया। मिलनसार गंगा के घर सुबह से लोगो का हुजूम लग गया था। दोपहर में उनका शव पहुंचते ही माहौल गमगीन हो गया था। कुछ समय बाद उनके शव को दाहसंस्कार के लिए उनके पैतृक निवास ग्राम सुमेरपुर नवापारा रामानुजनगर ले जाया गया। जहां उनका गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।