पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद फांसी लगा कर की खुदकुशी,पुलिस जांच में जुटी..

पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद फांसी लगा कर की खुदकुशी,पुलिस जांच में जुटी..

December 31, 2023 Off By NN Express

इंदौर। इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र में पति ने पत्नी की हत्या करन के बाद फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली। मामले में पुलिस जांच कर रही है। दंपती के शव को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है। पुलिस के मुताबिक घटना नरवल कांकड़ क्षेत्र की है। शनिवार को 45 वर्षीय राम नेवारे और उसकी पत्नी रुक्मनी के शव घर में मिला तो हड़कंप मच गया। दोनों ही मजदूरी कर घर चला रहे थे। उनके बच्चे भी नहीं है।

जानकारी के मुताबिक दोनों ने संतान के लिए चिकित्सकों से भी संपर्क किया था। इस कारण भी परेशान रहा करते थे।
पति ने पहले पत्नी रुक्मनी की गला दबा कर हत्या की, इसके बाद खुद भी फांसी पर लटक गया। पुलिस के मुताबिक महिला का शव पलंग पर मिला है। पति ने रस्सी से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसका शव पलंग के पास नीचे लटका हुआ था।

ट्रैक्टर ने टक्कर मारी, छात्र की मौत

हातोद थाना क्षेत्र में अनियंत्रित ट्रैक्टर ने 12वीं के छात्र की जान ले ली। एक छात्र मामूली घायल हुआ है। दूसरा गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती है। तीनों स्कूल की फेयरवेल पार्टी में शामिल होने जा रहे थे। टीआइ सुरेंद्रसिंह बघेल के मुताबिक दुर्घटना पुवाड़ला जुनार्दा गांव में सुबह करीब नौ बजे की है। पालिया निवासी राज चौहान साथी लक्की चौहान और निरंजन राठौर के साथ बाइक से स्कूल जा रहा था। शुक्रवार को स्कूल में वार्षिक उत्सव और फेयरवेल पार्टी का आयोजन था।

लक्की और राज 12वीं व निरंजन 11वीं का छात्र है। बाइक 17 वर्षीय राज चौहान चला रहा था। जैसे ही कंट्रोल की दुकान के आगे निकले, पीछे से आ रहे ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। लक्की के मुताबिक वह दूर जाकर गिरा। राज पर ट्रैक्टर का पहिया चढ़ गया। लक्की ने देखा राज के शरीर से हलचल नहीं हो रही है।

उसने ट्रैक्टर चालक को आवाज भी लगाई, लेकिन वह अनसुना कर आगे चला गया। बाद में समीप स्थित निजी अस्पताल से एम्बुलेंस बुलाई और सांवेर रोड स्थित अस्पताल ले गए। डाक्टर ने राज को मृत घोषित कर दिया। टीआइ के मुताबिक ट्रैक्टर चालक विष्णु भगवान सोनगरा निवासी पुवाड़ला जुनार्दा के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है।