बिस्किट देने के बहाने पांच वर्षीय बच्ची को बुलाया, अश्लील हरकत कर किया अनैतिक कृत्य

धार, नालछा। थाने के ग्राम सराय में शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। पांच वर्षीय बच्ची के साथ घर के पड़ोस में रहने वाले 35 वर्षीय युवक ने अनैतिक कृत्य किया है। घबराई हुई बच्ची ने घटना की जानकारी घर आकर स्वजन को दी। इसके बाद स्वजन ने ग्रामीणों को बताया और नालछा थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। इधर, बच्ची को जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां से उसे उपचार के लिए इंदौर रेफर किया गया।

थाना प्रभारी ईश्वरसिंह चौहान ने बताया कि ग्राम सराय में गुरुवार दोपहर 3:30 बजे पांच वर्षीय नाबालिग बच्ची को पड़ोस में रहने वाले 35 वर्षीय जगन पुत्र गोविंद ने बिस्किट देने के बहाने बुलाया और अश्लील हरकत कर अनैतिक कृत्य किया। इससे बच्ची बुरी तरीके से घबरा गई। उसने घर जाकर इस घटना की जानकारी अपने माता-पिता को दी। इस पर वे नालछा थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाई और बच्ची को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर गए। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को इंदौर रेफर कर दिया। थाना प्रभारी चौहान ने बताया कि आरोपित फरार है, उसकी खोजबीन शुरू कर दी गई है। जल्द ही आरोपित को पकड़ा जाएगा। इधर, घटना के बाद से ग्राम सराय के ग्रामीणों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। समाज में शर्मसार कर देने वाली इस घटना की हर व्यक्ति ने कड़ी निंदा की। ग्रामीण भी आराेपित की खोजबीन में जुट गए हैं।