जनवरी तक बनकर तैयार होगा कोरबा मेडिकल कॉलेज: मंत्री लखनलाल देवांगन ने किया निरीक्षण

कोरबा, 16 जून। उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने सोमवार को कोरबा जिले के ग्राम भूलसीडीह में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाते हुए आगामी जनवरी तक मेडिकल कॉलेज का निर्माण पूर्ण करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री देवांगन ने मेडिकल कॉलेज के विभिन्न विभागों, लेक्चर हॉल, अकादमिक ब्लॉक तथा डीन कार्यालय का अवलोकन किया और अधिकारियों से निर्माण कार्यों एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

अधिकारियों ने उन्हें कॉलेज में विकसित की जा रही क्लिनिकल एवं पैरा-क्लिनिकल प्रयोगशालाओं, एनाटॉमी एवं फिजियोलॉजी विभाग सहित अन्य आवश्यक अधोसंरचनाओं की जानकारी दी। मंत्री ने सभी विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित कर जनवरी 2027 तक सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और जनकल्याण को केंद्र में रखकर अनेक विकास कार्य किए गए हैं। उनके मार्गदर्शन में कोरबा जिले में भी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं साकार हुई हैं, जिनमें भूलसीडीह मेडिकल कॉलेज एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इस परियोजना के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश नाग सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।