Home / Chhattisgarh / धमतरी में युवती का अपहरण कर मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार; बाइक जब्त

धमतरी में युवती का अपहरण कर मारपीट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार; बाइक जब्त

ख़बर शेयर करें:

धमतरी, 24 नवंबर। जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में युवती का रास्ता रोककर उसके साथ छेड़छाड़, मारपीट और जबरन अपहरण करने के मामले में धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुष्पेन्द्र यादव (20 वर्ष), निवासी ग्राम गिरौद के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। वहीं, मामले का मुख्य आरोपी मनमोहन साहू अब भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 23 नवंबर 2026 की सुबह की है। ग्राम सेन्हाभाठा निवासी युवती अपने होटल में सामान छोड़कर स्कूटी से घर लौट रही थी। इसी दौरान मेघा क्रिकेट मैदान के पास मनमोहन साहू और उसका साथी पुष्पेन्द्र यादव प्लेटिना बाइक से उसका पीछा करने लगे। आरोपियों ने ग्राम सेन्हाभाठा प्राथमिक शाला के पास युवती की स्कूटी के सामने बाइक अड़ाकर उसका रास्ता रोक लिया।

आरोप है कि मुख्य आरोपी मनमोहन साहू ने युवती के साथ अश्लील हरकत करते हुए उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया। विरोध करने और शोर मचाने पर उसके साथ मारपीट की गई तथा गाल पर दांत से काटकर घायल कर दिया गया। आरोपियों ने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद उसे ग्राम परसवानी, भोथीडीह और राजिम के रास्ते बोरसी पुरैना मोड़ की ओर ले जाने का प्रयास किया गया।

इसी दौरान युवती के परिजन और ग्रामीणों ने बोरसी पुरैना मोड़ के पास घेराबंदी की। लोगों को देखकर मुख्य आरोपी मनमोहन साहू बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में मगरलोड पुलिस ने अपराध क्रमांक 244/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2), 351(3), 74, 140(4) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस ने संदेही पुष्पेन्द्र यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसके द्वारा अपने साथी के साथ मिलकर घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार किए जाने पर उसकी निशानदेही से वारदात में प्रयुक्त प्लेटिना मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 PR 3899 जब्त की गई।

पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने पुष्पेन्द्र यादव को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 7 दिसंबर 2026 तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फरार मुख्य आरोपी मनमोहन साहू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।

धमतरी पुलिस ने महिला सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए आम नागरिकों से किसी भी प्रकार के अपराध या असामाजिक गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को देने की अपील की है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *