- कबाड़ी कारोबारी से डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप, रायपुर और जगदलपुर की संयुक्त टीम ने बिछाया था जाल
कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ACB की टीम ने GST विभाग में पदस्थ असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी को कथित तौर पर रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। अधिकारी पर एक कबाड़ी कारोबारी से डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है। रायपुर और जगदलपुर की ACB टीम ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला कांकेर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर का है। कांकेर में पदस्थ GST असिस्टेंट कमिश्नर आंचला गिरी के खिलाफ एक कबाड़ी कारोबारी ने रिश्वत मांगने की शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो से की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अधिकारी ने कारोबारी से डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत की मांग की है।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने मामले की जांच शुरू की। जांच में शिकायत की पुष्टि के लिए टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। आरोप है कि जैसे ही अधिकारी रिश्वत की रकम लेने पहुंचीं, पहले से घात लगाकर मौजूद रायपुर और जगदलपुर की संयुक्त ACB टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद ACB की टीम ने मौके पर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। इस कार्रवाई से जिले के सरकारी महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।







