Home / Chhattisgarh / सीतामढ़ी में रेत के अवैध उत्खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9 वाहन जब्त

सीतामढ़ी में रेत के अवैध उत्खनन पर खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, 9 वाहन जब्त

कोरबा, 13 सितंबर 2026। जिले में रेत के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत हसदेव नदी के सीतामढ़ी क्षेत्र में खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने दबिश देकर अवैध रेत परिवहन में संलिप्त 9 वाहनों को जब्त किया है। कार्रवाई के बाद अवैध रेत कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

खनिज विभाग के अनुसार सीतामढ़ी क्षेत्र में हसदेव नदी से रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग के उड़नदस्ता दल ने शुक्रवार सुबह करीब 5.30 बजे क्षेत्र में दबिश दी। टीम के पहुंचते ही मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। जांच के दौरान हसदेव नदी में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन करते हुए वाहन पाए गए, जिनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 9 वाहनों को जब्त किया गया।

कार्रवाई के दौरान कुछ वाहन हसदेव नदी के भीतर रेत में फंसे हुए थे। वहीं, कुछ वाहनों को मौके पर छोड़कर उनके चालक एवं संबंधित लोग फरार हो गए। नदी में फंसे वाहनों को बाहर निकालने के लिए नगर पालिक निगम कोरबा की मदद ली गई। निगम की सहायता से इन वाहनों को नदी से बाहर निकाला गया और जब्त कर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागीय अभिरक्षा में रखा गया।

खनिज विभाग ने जब्त किए गए वाहनों को आवश्यक कार्रवाई के लिए कोतवाली थाना कोरबा एवं खनिज जांच चौकी उरगा की अभिरक्षा में रखा है। जब्त वाहनों से संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। विभाग द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन से शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकने के लिए जिले में लगातार जांच एवं कार्रवाई की जा रही है।

खनिज विभाग के अधिकारियों के मुताबिक प्राकृतिक खनिज संसाधनों की सुरक्षा, अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण और शासन के राजस्व हितों की रक्षा विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। रेत सहित अन्य गौण खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण की शिकायत मिलने पर संबंधित क्षेत्रों में जांच की जा रही है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन कर रेत या अन्य खनिजों का अवैध उत्खनन, परिवहन अथवा भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों और वाहनों के विरुद्ध खान और खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम तथा अन्य प्रचलित वैधानिक प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। सीतामढ़ी में हुई इस कार्रवाई को जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *