Home / Chhattisgarh / छत्तीसगढ़ में 9 माह की गर्भवती नवविवाहिता ने लगाई फांसी, पति और सास पर दहेज प्रताड़ना का आरोप, मायके पक्ष ने की कार्रवाई की मांग

छत्तीसगढ़ में 9 माह की गर्भवती नवविवाहिता ने लगाई फांसी, पति और सास पर दहेज प्रताड़ना का आरोप, मायके पक्ष ने की कार्रवाई की मांग

ख़बर शेयर करें:

पखांजूर, 30 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के पखांजूर थाना क्षेत्र अंतर्गत PV-39 इंद्रप्रस्थ गांव में 9 माह की गर्भवती नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। नवविवाहिता करिश्मा राय का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति और सास पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, गाली-गलौज और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, करिश्मा राय की शादी इसी साल फरवरी महीने में PV-39 इंद्रप्रस्थ गांव निवासी राजेश राय के साथ सामाजिक रीति-रिवाजों से हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद ही ससुराल में दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया था। करिश्मा को कथित तौर पर लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि उन्होंने कई बार पारिवारिक विवाद सुलझाने और समझाइश देने का प्रयास किया, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।

इसी बीच 9 माह की गर्भवती करिश्मा की घर में फांसी लगाने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष में शोक और आक्रोश फैल गया। परिजनों ने पति राजेश राय और उसकी मां पर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए उन्हें करिश्मा की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है।

परिजनों का कहना है कि करिश्मा जल्द ही मां बनने वाली थी, लेकिन इससे पहले ही उसकी जिंदगी खत्म हो गई। इस घटना से परिवार को गहरा सदमा पहुंचा है। मायके पक्ष ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल करिश्मा की मौत के पीछे की वास्तविक परिस्थितियां जांच का विषय हैं। परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

ख़बर शेयर करें:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *